वाराणसी की डीआईजी कॉलोनी में शनिवार को दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया. संपत्ति विवाद में हुए इस हमले ने उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले लिया जब हमलावरों ने घर में घुसकर बुजुर्गों, महिलाओं और यहां तक कि एक कैंसर पीड़िता को भी नहीं बख्शा. हैरानी की बात यह है कि यह वारदात उस कॉलोनी में हुई जहां डीआईजी समेत पुलिस के कई आला अधिकारी रहते हैं. दबंगों के इस हमले से पूरी कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी घायलों को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया.
ADVERTISEMENT
घायलों में कौन-कौन शामिल?
इस हमले में परिवार के सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें 70 वर्षीय विराज सिंह, 35 वर्षीय विश्वजीत सिंह (हालत नाजुक, ट्रॉमा सेंटर रेफर), किरण सिंह (कैंसर पीड़ित), शिवा सिंह, ज्योति सिंह, नीलम सिंह और आभा सिंह शामिल हैं. घायलों में से एक शख्स की हालत ज्यादा ही चिंताजनक बताई जा रही है.
हमले के पीछे अभिषेक सिंह उर्फ बड़े कौन?
पीड़ित परिवार ने इस हमले के पीछे अभिषेक सिंह उर्फ बड़े का हाथ बताया है. स्थानीय सूत्रों और आरोपों के मुताबिक, अभिषेक सिंह गाजीपुर के दबंग नेटवर्क से जुड़ा है और वह कभी माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी रहा है. इस खुलासे के बाद मामला और भी ज्यादा संवेदनशील हो गया है.
घटना के बाद से पूरी डीआईजी कॉलोनी में तनाव का माहौल है. पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. हमलावरों की शिनाख्त और उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
ये भी पढ़ें: सूर्य प्रताप सिंह को छलनी करने वाले मंजीत चौहान की हालत हो गई है खराब, इसकी वजह दंग कर देगी!
ADVERTISEMENT









