वाराणसी के उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज में हुए सनसनीखेज सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को दहला दिया है. इस वारदात के केंद्र में है मंजीत चौहान. आरोप है कि मंजीत ने कॉलेज परिसर में प्रिंसिपल ऑफिस के बाहर अपने ही साथी छात्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. छात्रों का आरोप है कि मंजीत महज एक छात्र नहीं, बल्कि कॉलेज परिसर में पल रहा एक खूंखार अपराधी है.
ADVERTISEMENT
कौन है कातिल मंजीत चौहान?
मंजीत चौहान यूपी कॉलेज में बीए सेकंड ईयर का छात्र है. वह मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला है. लेकिन वर्तमान में वाराणसी के चांदमारी/टकटकपुर इलाके में रहता है. साथी छात्रों का आरोप है कि मंजीत का पहले से ही क्रिमिनल बैकग्राउंड रहा है. उस पर 3-4 मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है.
बताया जा रहा है कि हाल ही में उसने शिवपुर इलाके में एक अन्य छात्र पर चाकू से हमला किया था, जिसका केस भी दर्ज हुआ था. छात्रों ने आरोप लगाया है कि मंजीत कॉलेज प्रिंसिपल का बेहद खास था. आरोप यह भी है कि कॉलेज प्रशासन बाहरी छात्रों (डेलीगेसी) को शह देता था, जिसका फायदा मंजीत उठाता था.
मंजीत ने कैसे अंजाम दी हत्या?
घटना के दिन सूर्य प्रताप सिंह और मंजीत चौहान के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था. इस विवाद को सुलझाने के लिए कॉलेज के प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह ने दोनों को अपने ऑफिस में मिलने के लिए बुलाया था. जैसे ही दोनों छात्र ऑफिस से बाहर निकले, मंजीत ने पहले से तैयार योजना के तहत पिस्टल निकाली और सूर्य प्रताप पर गोलियों की बौछार कर दी. आरोपी ने सूर्य के सिर और पेट में करीब 8 गोलियां मारीं. वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी पिस्टल कूड़ेदान में फेंककर मौके से फरार हो गया.
मृतक सूर्य प्रताप सिंह के बारे में जानिए
सूर्य प्रताप सिंह (BSc 2nd Year) अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसके माता-पिता एक कॉलेज में कर्मचारी हैं और परिवार गाजीपुर के दुबईठा गांव का रहने वाला है. वह एक होनहार और लोकप्रिय छात्र था. छात्रों का आरोप है कि जब कॉलेज में परीक्षाएं चल रही थीं और सघन चेकिंग हो रही थी, तब मंजीत असलहा लेकर कैंपस के अंदर कैसे घुसा? परिजनों का आरोप है कि सूर्य प्रताप की तबीयत खराब होने के बावजूद उसे जबरदस्ती समझौते के लिए बुलाया गया, जो उसकी मौत का कारण बना.
मुख्य आरोपी मंजीत चौहान अरेस्ट
बता दें कि इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की टीमों ने दबिश दी और मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया. मंजीत के साथ उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज है. वारदात का एक विचलित करने वाला वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी मंजीत निढाल पड़े सूर्या के सीने पर बैठकर उस पर फायरिंग करता दिख रहा है. वर्तमान में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर भारी पुलिस बल शिवपुर स्थित आवास और कॉलेज परिसर में तैनात है.
ADVERTISEMENT









