Chandauli Police Action: जनपद चंदौली की सैयदराजा पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त गुलाम मोहम्मद उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है. आरोपी बिहार के कैमूर (भभुआ) जनपद के थाना चांद क्षेत्र के भटानी गांव का निवासी है.पुलिस के अनुसार आरोपी गो-तस्करी से जुड़े दो मुकदमों में वांछित था.
ADVERTISEMENT
इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर मिली सूचना पर पुलिस ने जेठमलपुर के पास घेराबंदी की. आरोपी पुलिस को चकमा देकर निर्माणाधीन भारतमाला एक्सप्रेसवे की ओर भागने लगा, लेकिन कर्मनाशा पुल के समीप उसे दबोच लिया गया.
विवेचना में सामने आया कि 31 सदस्यों का एक संगठित गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर गो-तस्करी में सक्रिय है. जांच के दौरान इस गिरोह के करीब 187 करोड़ रुपये के आपसी वित्तीय लेन-देन का पता चला है. वहीं गिरफ्तार आरोपी द्वारा अपनी मां के बैंक खाते के माध्यम से करीब 59.82 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है. पुलिस का दावा है कि यह धनराशि गो-तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता पहुंचाने में प्रयुक्त हुई.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से विभिन्न तस्करों के संपर्क में रहकर गो-तस्करी करता था तथा पुलिस कार्रवाई तेज होने पर नकद लेन-देन करने लगा. उसने अपनी सुरक्षा के लिए अवैध असलहा रखने की भी बात कबूल की.
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध चंदौली और मिर्जापुर जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट समेत कुल छह मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT











