LDA Flats Price: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अपनी तीन बड़ी आवासीय परियोजनाओं में बनने वाले 2504 फ्लैटों की कीमतें तय कर दी हैं. अब जल्द ही इन फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT
एलडीए का सबसे सस्ता फ्लैट 8.99 लाख रुपये का होगा, जबकि सबसे महंगे फ्लैट की कीमत 94.92 लाख रुपये तय की गई है. अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर इन फ्लैटों की कीमत और कैटेगरी तय की गई है.
आखिर कौन-सी योजना में सबसे सस्ता फ्लैट मिलेगा? किस परियोजना में कितने फ्लैट बन रहे हैं? खरीदारों को कीमत के अलावा कौन-कौन से अतिरिक्त शुल्क देने होंगे? आइए पूरी जानकारी जानते हैं.
2504 फ्लैटों की कीमत तय, जल्द शुरू होगी बुकिंग
एलडीए ने अपनी तीन प्रमुख आवासीय परियोजनाओं में बनने वाले कुल 2504 फ्लैटों की कीमतें तय कर दी हैं. प्राधिकरण की ओर से जल्द ही इन फ्लैटों की बुकिंग शुरू की जाएगी. ये कदम उन लोगों के लिए राहत भरा माना जा रहा है जो लंबे समय से लखनऊ में किफायती और प्राधिकरण की योजनाओं में घर खरीदने का इंतजार कर रहे थे.
सबसे सस्ता और सबसे महंगा फ्लैट कितना?
एलडीए ने सबसे सस्ते फ्लैट की कीमत 8.99 लाख रुपये तय की है. वहीं सबसे महंगे फ्लैट की कीमत 94.92 लाख रुपये होगी.
इसके अलावा दो बेडरूम (2BHK) फ्लैट की कीमत 35 लाख रुपये रखी गई है. वहीं तीन बेडरूम (3BHK) और 3BHK प्लस स्टडी रूम वाले फ्लैट उच्च आय वर्ग के खरीदारों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं.
हालांकि तय कीमत के अलावा खरीदारों को फ्री-होल्ड शुल्क, जल-सीवर शुल्क और भूतल व प्रथम तल के लिए नियमानुसार प्राइम लोकेशन चार्ज भी अलग से देना होगा.
किस योजना में कितने फ्लैट बनेंगे?
अनंत नगर योजना के अदिति अपार्टमेंट
अनंत नगर आवासीय योजना के अदिति अपार्टमेंट में कुल 1392 फ्लैट बनाए जाएंगे. ये सभी एक बेडरूम (1BHK) फ्लैट होंगे और इन्हें आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) तथा निम्न आय वर्ग (LIG) के लोगों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है.
शारदा नगर विस्तार के बागेश्वरी अपार्टमेंट
शारदा नगर विस्तार योजना के बागेश्वरी अपार्टमेंट में कुल 848 फ्लैट बनाए जाएंगे.
बसंतकुंज योजना के पार्क व्यू अपार्टमेंट
बसंतकुंज योजना के पार्क व्यू अपार्टमेंट में 364 फ्लैट तैयार किए जाएंगे.
13 अगस्त की बैठक में होंगे कई बड़े फैसले
एलडीए की 13 अगस्त को होने वाली बैठक भी काफी अहम मानी जा रही है. इस बैठक में चार निजी बिल्डरों की प्रस्तावित टाउनशिप की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी के लिए रखा जा सकता है.
इसके अलावा मेट्रो रेल परियोजना के यार्ड के लिए भूमि से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा होने की संभावना है. ऐसे में आने वाले दिनों में लखनऊ के रियल एस्टेट और शहरी विकास से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है.
ADVERTISEMENT











