उत्तर प्रदेश के कौशांबी से पुलिस के व्यवहार से जुड़ा एक मामला चर्चा में है. सोशल मीडिया पर एक सब-इंस्पेक्टर का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक महिला से अभद्र भाषा में बात करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है.
ADVERTISEMENT
मामला चरवा थाना क्षेत्र के बलीपुर टाटा गांव का बताया जा रहा है. आरोप है कि जमीन विवाद सुलझाने पहुंचे सब-इंस्पेक्टर मिर्जा शामी ने महिला से बदसलूकी की और उसे धमकी भी दी. वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को बलीपुर टाटा गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद की सूचना पुलिस को मिली थी. इसी मामले की जांच के लिए सब-इंस्पेक्टर मिर्जा शामी मौके पर पहुंचे थे.
आरोप है कि मौके पर बातचीत के दौरान दरोगा और एक महिला के बीच कहासुनी हो गई. इसी दौरान उन्होंने महिला के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर उसे कपड़े उतरवाने तक की धमकी दी.
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो तेजी से फैलने के बाद लोगों ने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए. मामला सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया.
पुलिस ने आरोपी दरोगा पर की कार्रवाई
मामले पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि मंगलवार रात वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई. पुलिस ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर मिर्जा शामी को लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं.
जांच के बाद आगे क्या होगा?
फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की विभागीय जांच करा रहा है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
ADVERTISEMENT











