यूपी में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली महिला कौन है? इस बार प्रशासन ने जारी कर दिया नोटिस

यूपी तक

• 05:59 PM • 04 Aug 2026

संभल की तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन ने 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया है. प्रशासन का कहना है कि उनकी प्रस्तावित कांवड़ यात्रा से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है.

UP Tak
Google CTA

सावन में कांवड़ यात्रा के बीच यूपी के संभल की तमन्ना मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं. बुर्का पहनकर कांवड़ लाने को लेकर पहले सुर्खियां बटोर चुकी तमन्ना और उनके पति अमन त्यागी को इस बार प्रशासन ने नोटिस जारी किया है.

यह भी पढ़ें...

संभल प्रशासन ने बीएनएस की धारा 126/135 के तहत दोनों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया है. प्रशासन का कहना है कि उनके कांवड़ यात्रा पर जाने से शांति व्यवस्था प्रभावित होने और अप्रिय घटना की आशंका है.

कांवड़ यात्रा से पहले जारी हुआ नोटिस

संभल के असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी के कांवड़ लेने जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी. इसके बाद थाना पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम कोर्ट ने दोनों को BNS की धारा 126/135 के तहत नोटिस जारी कर दिया.

नोटिस में दोनों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है. प्रशासन का कहना है कि उनकी प्रस्तावित कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है.

फरवरी की घटना का दिया गया हवाला

प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में इस साल फरवरी की महाशिवरात्रि का भी जिक्र किया गया है. नोटिस के मुताबिक, उस समय तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लाई थीं और जलाभिषेक किया था.

प्रशासन का कहना है कि उस दौरान दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी. इसी वजह से इस बार भी एहतियात के तौर पर कार्रवाई की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.

कौन हैं तमन्ना मलिक?

तमन्ना मलिक ने असमोली क्षेत्र के ही रहने वाले हिंदू युवक अमन त्यागी से प्रेम विवाह किया था. फरवरी 2026 में महाशिवरात्रि से पहले वह बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लेने गई थीं और संभल पहुंचकर उसी वेशभूषा में जलाभिषेक भी किया था.

मामला उस समय भी काफी चर्चा में रहा था. बाद में तमन्ना मलिक और अमन त्यागी ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों से धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए असमोली थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था.

एसडीएम कोर्ट पहुंचकर कराई जमानत

प्रशासन का नोटिस मिलने के बाद मंगलवार को अमन त्यागी संभल स्थित एसडीएम कोर्ट पहुंचे. उन्होंने अपनी और तमन्ना मलिक की ओर से जमानत कराई. अमन त्यागी ने कहा कि तमन्ना मलिक सुरक्षा कारणों से कोर्ट नहीं आईं. उनके मुताबिक, उन्हें यहां लाना उचित नहीं समझा गया.

अमन त्यागी बोले- संविधान के खिलाफ कुछ नहीं

मीडिया से बातचीत में अमन त्यागी ने कहा कि तमन्ना मलिक चाहे बुर्का पहनकर कांवड़ लें या भगवा वस्त्र पहनकर, यह उनका अधिकार है.

उन्होंने कहा कि वे संविधान के खिलाफ कोई काम नहीं कर रहे हैं और उनकी कांवड़ यात्रा नहीं रुकेगी. अमन त्यागी ने दावा किया कि वे गाजियाबाद की शबीना बानो के समर्थन में हरिद्वार से कांवड़ लेकर जाएंगे और उनके साथ जलाभिषेक करेंगे.

एसडीएम ने क्या कहा?

संभल के एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि थाना पुलिस से मिली रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है. रिपोर्ट में कहा गया था कि अमन त्यागी और तमन्ना मलिक के कांवड़ यात्रा पर जाने से पहले भी शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी थी.

उन्होंने बताया कि इसी आधार पर दोनों को नोटिस जारी कर 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया. हालांकि एसडीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने ऐसा कहीं नहीं कहा है कि तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कांवड़ नहीं ला सकतीं. उन्होंने कहा कि वह जिस वेशभूषा में चाहें कांवड़ ला सकती हैं, कार्रवाई केवल शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है.