UP Free Ration August 2026: उत्तर प्रदेश में अगस्त 2026 के फ्री राशन वितरण का इंतजार खत्म हो गया है. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत आज यानी 5 अगस्त से मुफ्त राशन का वितरण शुरू हो गया है. यह अभियान 18 अगस्त तक चलेगा.
ADVERTISEMENT
अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों के लिए इस बार भी तय मात्रा में गेहूं और चावल दिया जाएगा. अगर आपके पास राशन कार्ड है तो यह जानना जरूरी है कि आपको कितना राशन मिलेगा, किस समय मिलेगा और आधार प्रमाणीकरण में दिक्कत आने पर क्या विकल्प होगा.
आज से 18 अगस्त तक मिलेगा मुफ्त राशन
अगस्त महीने का नि:शुल्क राशन वितरण 5 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक किया जाएगा. कोटे की दुकानों पर राशन दो पालियों में बांटा जाएगा. सुबह: 8 बजे से 12 बजे तक और दोपहर: 2 बजे से शाम 6 बजे तक. राशन कार्डधारक तय समय पर अपनी उचित दर की दुकान से मुफ्त राशन प्राप्त कर सकते हैं.
किसे कितना राशन मिलेगा?
सरकार की ओर से अलग-अलग श्रेणी के कार्डधारकों के लिए राशन की मात्रा तय की गई है. अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलो राशन मिलेगा. इसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल शामिल हैं.
वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो राशन मिलेगा. इसमें 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल शामिल हैं.
आधार से सत्यापन नहीं हुआ तो क्या होगा?
राशन वितरण के दौरान इंटर-स्टेट और इंट्रा-स्टेट पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. यानी पात्र लाभार्थी उपलब्ध स्टॉक के आधार पर किसी भी उचित दर की दुकान से राशन ले सकते हैं.
यदि 18 अगस्त को किसी लाभार्थी का आधार आधारित प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है, तो उसे मोबाइल OTP वेरिफिकेशन के जरिए भी मुफ्त राशन दिया जाएगा.
शिकायत कहां करें?
राशन वितरण से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए लाभार्थी टोल फ्री नंबर 1967 और 1800-1800-150 पर संपर्क कर सकते हैं. साथ ही सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि बायोमेट्रिक सत्यापन के तुरंत बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जाए.
10 जिलों में 3 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच रहा मुफ्त राशन
उत्तर प्रदेश के सिर्फ 10 जिलों में ही 3 करोड़ से अधिक लाभार्थियों तक मुफ्त राशन पहुंच रहा है. सबसे अधिक लाभार्थी प्रयागराज में हैं, जहां 42.10 लाख से ज्यादा लोग राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे हैं.
ADVERTISEMENT











