उत्तर प्रदेश में ठंड ने दी दस्तक, कल सुबह छाएगा कोहरा, IMD ने जारी किया लेटेस्ट अपडेट

अभय राठौर

• 03:58 PM • 06 Nov 2026

UP Weather: उत्तर प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक 7 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है.

UP Weather

UP Weather

Google CTA

UP Weather: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक कल यूपी में सुबह कोहरे की चादर बिछी हुई दिखाई देगी, जिससे ठंड का एहसास बढ़ जाएगा. हालांकि अब राज्य में बारिश का दौर पूरी तरह से थम गया है. IMD ने बताया है कि कल 7 नवंबर 2026 को पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम सूखा रहेगा.  मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मौसम पर दिखाई देगा.

यह भी पढ़ें...

पश्चिमी और पूर्वी यूपी का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक कल 7 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहेगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश, ओले या तेज हवाओं को लेकर कोई भी चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि कल दोनों ही क्षेत्रों में सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है.

अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले पूरे 7 दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. जिसका मतलब है प्रदेश में दिन के समय अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और रात के समय न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. जिसके चलते फिलहाल दिन में हल्की गर्माहट रहेगी और सुबह-शाम ठंड का एहसास जारी रहेगा.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह सूखा रहा है.  हालांकि प्रदेश के दोनों संभागों में सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखा गया है. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां सबसे ज्यादा ठंड महसूस की गई.

यह भी पढ़ें: योगी सरकार ने बढ़ाई मुआवजे की रकम, मौत पर 8 लाख और गाय-भैंस के लिए मिलेंगे 50 हजार रुपये