वाराणसी के उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज में हुए सनसनीखेज सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. हालांकि, इस दौरान सबकी नजरें मंजीत के चलने के तरीके पर टिकी रहीं. अब मंजीत को वाराणसी की जिला जेल, चौकाघाट भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT
लंगड़ाते हुए कोर्ट पहुंचा खुद को माफिया बताने वाला मंजीत
इस पूरी पेशी के दौरान सबसे गौर करने वाली बात मंजीत चौहान का हुलिया और उसके चलने का ढंग था. जब पुलिस की टीम मंजीत को लेकर कोर्ट परिसर पहुंची और फिर वहां से जेल की तरफ ले जाने लगी, तो वह साफ तौर पर लंगड़ाता हुआ दिखाई दिया.
'क्यों मारा था?' के सवाल पर चुप रहा था मंजीत
वही मंजीत, जिसने हत्या से महज कुछ घंटे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी पर खुद को माफिया बताते हुए तस्वीर शेयर की थी वह पुलिस की गिरफ्त में बेबस और लंगड़ाता हुआ नजर आया. मीडिया ने जब उससे हत्या की वजह जाननी चाही और सवाल किया कि 'क्यों मारा था?', तो उसने कोई जवाब नहीं दिया और पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई.
बता दें कि मंजीत चौहान पर आरोप है कि उसने यूपी कॉलेज के बीएससी सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की बेरहमी से हत्या की थी. आरोपी ने सूर्य प्रताप के शरीर में कई राउंड गोलियां उतार दी थीं. इस पूरी वारदात का एक मोबाइल वीडियो भी सामने आया था, जो घटना के वक्त वहीं मौजूद छात्रों ने बनाया था.
खुद को डॉन और माफिया बताता था मंजीत
हत्याकांड के बाद मंजीत की सोशल मीडिया एक्टिविटी भी चर्चा का विषय बनी हुई है. खुद को 'डॉन' और 'माफिया' की तरह पेश करने वाला मंजीत अब कानून के शिकंजे में है. इस मामले में मंजीत के साथ अनुज ठाकुर पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है. सूर्य प्रताप की मौत के बाद से वाराणसी से लेकर गाजीपुर तक कोहराम मचा हुआ है. फिलहाल, पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: हमारा लड़का तो चला गया, लेकिन जो मारा है... यूपी कॉलज के छात्र सूर्य सिंह के पिता ने कातिल मंजीत को लेकर की बड़ी मांग
ADVERTISEMENT









