वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया. बीएससी के 23 साल के छात्र उदय प्रताप सिंह की कॉलेज परिसर के भीतर ही 8 गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी पिस्टल मौके पर ही फेंक कर फरार हो गया. इस घटना के बाद कैंपस छावनी में तब्दील हो गया है. आक्रोशित छात्रों के वीडियो सामने आए हैं जिनमें वे हंगामा करते हुए नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
सीने और कनपटी में मारी गईं गोलियां
मिली जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने सूर्य प्रताप सिंह पर बेहद करीब से फायरिंग की. शुरूआती रिपोर्ट्स के अनुसार,
छात्र को कुल 8 गोलियां लगी हैं, जिनमें से 4 उसके सीने में और 4 कनपटी में दागी गई हैं. आनन-फानन में पुलिस उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची. मृतक छात्र मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला था.
हमके हमार भाई चाही: युवक की चीख से माहौल गमगीन
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो सामने आया है. कॉलेज के बाहर खड़ा एक युवक दहाड़ें मारकर रोते हुए कह रहा है, 'हमके हमार भाई चाही' (मुझे मेरा भाई चाहिए). ऐसा बताया जा रहा है कि यह युवक मृतक उदय प्रताप सिंह का करीबी हो सकता है. युवक यूपी कॉलेज का छात्र है या नहीं इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है. '
यहां देखें वीडियो
कैंपस में है तनाव का माहौल
हत्याकांड की खबर फैलते ही छात्र भड़क उठे. आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज कैंपस में जमकर तोड़फोड़ की और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. मौके पर जबरदस्त तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. छात्रों की भीड़ ने इलाके की दुकानें बंद करवा दी हैं.
पुलिस का क्या है कहना?
मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने बताया कि यूपी कॉलेज में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर वाद-विवाद हुआ था. इसी दौरान उकसावे में आकर दूसरे छात्र ने पिस्टल निकाली और गोली चला दी. पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है और हमलावर की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं.
ADVERTISEMENT









