रायबरेली: महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सिरसोई गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब के पास स्थित नाले में उतराता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
लापता होने के बाद हुई खोजबीन
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से नाथगंज निवासी मंसाराम अपनी ससुराल सिरसोई में रहकर एक स्थानीय ईंट-भट्टे पर कोयला फुंकाई का काम करता था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे भट्टे से छुट्टी होने के बाद वह जाल लेकर मछली पकड़ने के लिए निकला था। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो स्वजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद आज माझगंज स्थित खदरा तालाब के पास एक नाले में उसका कीचड़ से सना शव बरामद हुआ।
मौके पर मिले कपड़े, गहराया रहस्य
घटनास्थल का मंजर काफी संदिग्ध नजर आ रहा है। शव नाले की गीली मिट्टी में सना हुआ था, जबकि पास ही उसके उतरे हुए कपड़े भी बरामद हुए हैं। ग्रामीण दबी जुबान में इसे हादसा और हत्या दोनों ही पहलुओं से जोड़कर देख रहे हैं। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.
परिजनों में मचा कोहराम
मंसाराम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर मातम पसरा हुआ है।
"शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसकी हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।"— जगदीश यादव, कोतवाली प्रभारी
ADVERTISEMENT









