नहीं देखना चाहती इसका मुंह... बरेली की कोर्ट में रोते हुए मां ने अपने बेटे छत्रपाल को दिलाई उम्रकैद, लेकिन क्यों?

Bareilly Crime News: बरेली के नवाबगंज में जमीन के लिए पिता की हत्या करने वाले छत्रपाल को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा. मां ने अदालत में कहा- 'जिसने मेरा सुहाग उजाड़ा, उसका मुंह नहीं देखना चाहती'

Bareilly News:सांकेतिक तस्वीर

कृष्ण गोपाल यादव

20 Mar 2026 (अपडेटेड: 20 Mar 2026, 11:51 AM)

follow google news

Mother Testifies Against Son:कहते हैं मां अपने बच्चे के सौ गुनाह माफ कर देती है. लेकिन बरेली में एक बेटे ने कुछ ऐसा कर दिया कि मां को खुद अदालत में जाकर अपने बेटे को उम्र कैद की सजा दिलाने की गुहार लगानी पड़ी. नवाबगंज क्षेत्र के रहने वाले छत्रपाल ने महज 10 बीघा जमीन के लिए अपनी मां की आंखों के सामने ही पिता की गर्दन हसिए से काटकर हत्या कर दी. शुक्रवार को एडीजे-5 कोर्ट के न्यायाधीश तबरेज अहमद ने आरोपी बेटे को उम्रकैद और 1 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है. कोर्ट रूम में जब मां ने सिसकते हुए कहा कि 'मैं इस बेटे का मुंह नहीं देखना चाहती जिसने मेरा सुहाग उजाड़ दिया तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.'

यह भी पढ़ें...

मां की आंखों के सामने पिता को मारने वाला बेटा

घटना बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र की है. आरोपी छत्रपाल के पिता के पास करीब 10 बीघा जमीन थी.पिता किसी को जमीन देना नहीं चाहते थे जिसे लेकर छत्रपाल अक्सर विवाद करता था. 11 अप्रैल 2025 को विवाद इतना बढ़ गया कि छत्रपाल ने हसिए से अपने पिता की गर्दन पर हमला कर दिया. मां और भाभी के शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया. लेकिन अस्पताल ले जाते समय पिता ने दम तोड़ दिया.

'कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए'

इस हत्याकांड के मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल सात गवाह पेश किए गए.इनमें से दो चश्मदीद थे जिनमें से एक आरोपी का अपना भाई और दूसरी उसकी मां थी. आमतौर पर मां अपने बेटे को बचाने की कोशिश करती है.लेकिन यहां मां ने अपनी आंखों के सामने पति का कत्ल होते देखा था. उन्होंने अदालत में साफ शब्दों में कहा कि उनका बेटा ही उनके पति का कातिल है और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

न्यायाधीश तबरेज अहमद ने सभी सबूतों और गवाहों के बयानों को आधार मानते हुए छत्रपाल को दोषी करार दिया. कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई और साथ ही 1 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया.