Bareilly News: बरेली: मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया आजमपुर में जमीन बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कहासुनी के दौरान एक बुजुर्ग ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिसमें उसका भाई और बीच-बचाव करने आई पत्नी घायल हो गई. घटना से गांव में हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार ग्राम खमरिया आजमपुर निवासी 80 वर्षीय सियाराम पुत्र मंगलसेन का अपने छोटे भाई त्रिमोहन पुत्र मंगलसेन (57 वर्ष) के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर सियाराम ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से फायर कर दिया. फायरिंग में त्रिमोहन के दाहिने हाथ के पंजे में छर्रे लग गए. वहीं विवाद शांत कराने पहुंची सियाराम की पत्नी नारायणी देवी भी छर्रों की चपेट में आ गईं और उनके दाहिने हाथ के पंजे में गंभीर चोट आई.
घटना की सूचना मिलते ही थाना मीरगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज भिजवाया. प्राथमिक उपचार के बाद नारायणी देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी सियाराम को उसकी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक सहित हिरासत में ले लिया है. मामले में थाना मीरगंज पर एफआईआर संख्या 213/26 के तहत धारा 352 और 109 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT









