पत्नी से अवैध संबंध के शक में सिंकू ने रची खौफनाक साजिश, अपने ही दोस्त के साथ किया कुछ ऐसा जानकर रुह कांप जाएगी

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने दिव्यांग ई-रिक्शा चालक चंद्रप्रकाश हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक मृतक के दोस्त सिंकू उर्फ मुकेश ने पत्नी से अवैध संबंधों के शक में उसकी हत्या की थी.

Bareilly News

यूपी तक

• 06:55 PM • 08 May 2026

follow google news

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने दिव्यांग ई-रिक्शा चालक चंद्रप्रकाश हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक मृतक के दोस्त सिंकू उर्फ मुकेश ने पत्नी से अवैध संबंधों के शक में उसकी हत्या की थी. आरोपी ने पहले चंद्रप्रकाश को शराब पिलाई और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया और ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया. वहीं पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिंकू और चंद्रप्रकाश दोनों ई-रिक्शा चलाते थे. सिंकू को शक था कि उसकी पत्नी और चंद्रप्रकाश के बीच प्रेम संबंध हैं. बता दें 30 मार्च की शाम उसने योजना बनाकर चंद्रप्रकाश को शराब पिलाई. शराब पीने के दौरान दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.

यह भी पढ़ें...

रस्सी से गला घोंटकर हत्या

आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बहस बढ़ने के बाद उसने चंद्रप्रकाश को धक्का दिया और फिर रस्सी से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद उसने शव को घसीटकर गेहूं के खेत में फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो. वारदात के बाद आरोपी मृतक का ई-रिक्शा लेकर बरेली से भाग गया. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पत्नी और बच्चों को लेकर दादरी चला गया, जहां मजदूरी करने लगा. कुछ दिन पहले वह वापस लौटा और ई-रिक्शा को बेचने या कटवाने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

पिता ने दर्ज कराया था हत्या का केस

मृतक चंद्रप्रकाश मूल रूप से बिसौली का रहने वाला था और फिलहाल बरेली के सुभाषनगर इलाके में रह रहा था. उसके पिता वीरपाल ने भमोरा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई. आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.