Bareilly Fake IAS Marriage Fraud: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने फर्जी पहचान के जरिए शादी से जुड़े मामलों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. यहां एक महिला पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बताकर युवक से शादी करने, लाखों रुपये के जेवर अपने कब्जे में लेने, 40 लाख रुपये की मांग करने और विरोध करने पर पति की हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य नामजद लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है.
ADVERTISEMENT
फेसबुक पर हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव पचौमी निवासी अभिषेक की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के संतौत पट्टी ईशा गांव की रहने वाली साधना से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. अभिषेक का आरोप है कि बातचीत के दौरान साधना खुद को IAS अधिकारी बताती थी. उसने कहा था कि एक कोर्ट केस के कारण उसकी नियुक्ति रुकी हुई है और फैसला आते ही वह प्रशासनिक सेवा में जॉइन कर लेगी. इन बातों पर भरोसा करते हुए दोनों ने 7 फरवरी 2025 को शादी कर ली.
सरकारी नौकरी दिलाने का भी किया दावा
अभिषेक की शिकायत के मुताबिक साधना के पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह ने भी परिवार को भरोसा दिलाया था कि कोर्ट का मामला खत्म होते ही साधना की नियुक्ति हो जाएगी. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि साधना अपने प्रभाव से अभिषेक को भी सरकारी नौकरी दिलाने में मदद करेगी. अभिषेक का कहना है कि इन्हीं दावों पर विश्वास कर उसके परिवार ने शादी के लिए सहमति दी और रिश्ता संपन्न हुआ.
40 लाख रुपये मांगने का आरोप
शिकायत के अनुसार शादी के कुछ समय बाद साधना का व्यवहार बदल गया. उसने नियुक्ति और कोर्ट केस का हवाला देकर घर के जेवर और कीमती सामान अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया. अभिषेक का आरोप है कि उसकी सोने की चेन, अंगूठी, मां के गहनों समेत करीब 15 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और शादी में मिला अन्य कीमती सामान साधना ने अपने पास रख लिया. इसके बाद उसने परिवार पर 20 बीघा जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने का दबाव बनाया और 40 लाख रुपये की मांग की. विरोध करने पर उसने कथित तौर पर खुद को IAS अधिकारी बताते हुए पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी.
हत्या के प्रयास का भी लगाया आरोप
अभिषेक ने पुलिस को बताया कि 12-13 मार्च 2026 की रात साधना ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की. किसी तरह वह वहां से बचकर निकला और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी. बाद में गांव में पंचायत भी हुई. शिकायत में दावा किया गया है कि पंचायत के दौरान साधना ने जेवर अपने पास होने की बात स्वीकार की थी. अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया है कि साधना पहले भी कई लोगों को इसी तरह झांसा देकर ठगी कर चुकी है. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.
पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया
अभिषेक ने 28 जून को फरीदपुर थाने में साधना, उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने बताया कि दर्ज एफआईआर के आधार पर कार्रवाई करते हुए साधना को गिरफ्तार कर लिया गया है. महिला पर पति की हत्या के प्रयास, जेवर हड़पने और अन्य गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है.
(आज तक के इनपुट से)
ADVERTISEMENT











