Amethi News: जनपद के जामो थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया. हरगांव स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन के खंभे से जुड़े स्टे तार में करंट उतर आने से किसान की तीन भैंसों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में किसान को करीब दो लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, हरगांव निवासी किसान बसंतलाल वर्मा पुत्र मथुरा प्रसाद वर्मा की तीनों भैंसें खेत के पास चर रही थीं. इसी दौरान वे विद्युत पोल के स्टे तार के संपर्क में आ गईं. स्टे तार में करंट प्रवाहित होने के कारण तीनों भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद किसान परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
पीड़ित किसान बसंतलाल वर्मा ने बताया कि मृत भैंसों की कीमत लगभग दो लाख रुपये थी और यही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते विद्युत पोलों और स्टे तारों की नियमित जांच व मरम्मत की जाती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी. उन्होंने जिले भर में विद्युत पोलों और स्टे तारों की सुरक्षा जांच कराने की भी मांग की.
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता अभिषेक सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी. यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी.
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. ऐसे में विद्युत विभाग को सभी स्टे तारों और पोलों की समय-समय पर जांच कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी व्यक्ति या पशु की जान जोखिम में न पड़े.
ADVERTISEMENT











