Asaduddin Owaisi on 2027 Alliance News: असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कानपुर में सपा को लेकर बड़ा बयान दिया है. सपा प्रमुख का नाम लिए बिना ओवैसी ने कहा कि वह 2 अक्टूबर तक इंतजार करेंगे और इसके बाद अपनी पसंद के दल के साथ गठबंधन करेंगे. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव के बाद कोई शिकायत न करे. रविवार को सुजातगंज इलाके में हुई ओवैसी की सभा में मुस्लिम युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. मंच से ओवैसी ने कहा, 'मैं केवल 2 अक्टूबर तक इंतजार कर रहा हूं. उसके बाद जिससे चाहूंगा, गठबंधन करूंगा... फिर चुनाव के बाद रोना मत.'
ADVERTISEMENT
कानपुर में थी ओवैसी की रैली
पिछले लोकसभा चुनाव के बाद यह पहली बार था जब ओवैसी कानपुर पहुंचे. हालांकि, इससे पहले भी वह कई बार शहर में आ चुके हैं और उनकी पार्टी एआईएमआईएम के कई प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर चुके हैं. चुनावों में पार्टी को कोई खास सफलता नहीं मिली, लेकिन घाटमपुर में एआईएमआईएम के प्रत्याशी ने नगर पालिका का चुनाव जरूर जीता था. अब विधानसभा चुनाव से पहले कानपुर में ओवैसी की रैली को एआईएमआईएम की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. मंच से ओवैसी ने दोहराया कि वह फिलहाल 2 अक्टूबर तक इंतजार कर रहे हैं और उसके बाद गठबंधन को लेकर अपना फैसला करेंगे.
अखिलेश के 'चवन्नी' वाले बयान पर भी आया जवाब
इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में बिना नाम लिए राष्ट्रीय लोकदल और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पर निशाना साधा था. अखिलेश ने कहा था, 'हम लोगों ने चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी हमें छोड़कर चले गए.' अब ओवैसी ने जयंत चौधरी के इस संदर्भ में अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने जयंत चौधरी और उनकी पत्नी को लेकर कहा, 'मैं जयंत चौधरी और उनकी पत्नी को, जो हमारी बहन जैसी हैं, अच्छी तरह जानता हूं. इस तरह का बयान पूरी तरह गलत है. ऐसा बयान देकर आपने दुनिया के सामने अपनी सोच और मानसिकता जाहिर कर दी है.'
जयंत चौधरी से भी मुलाकात का किया जिक्र
ओवैसी ने कहा कि वह अब भी जयंत चौधरी से मिलते हैं और बातचीत भी करते हैं. उन्होंने बताया कि वह जयंत चौधरी से सवाल करते हैं कि आखिर उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला क्यों किया. ओवैसी के 2 अक्टूबर तक इंतजार करने और उसके बाद गठबंधन करने वाले बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT











