JDU के बाद बिहार की एक पार्टी की यूपी में एंट्री, सभी 403 सीटों से चुनाव लड़ने का किया ऐलान

आयशा शेख़

• 05:04 PM • 04 Nov 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी अपनी किस्मत आजमाने की तैयारी कर रही है. पार्टी ने यूपी में चुनाव लड़ने का फैसला किया है.

UPTak
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. अब इस चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी अपनी ताकत आजमाने की तैयारी में है. जदयू के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी ने यूपी में चुनाव लड़ने का फैसला किया है. इसे लेकर खुद चिराग पासवान ने ऐलान किया है. 

यह भी पढ़ें...

फिलहाल पार्टी पता लगाने में जुटी है कि प्रदेश के किन इलाकों में उसका संगठन मजबूत है और कहां उसे स्थानीय स्तर पर समर्थन मिल सकता है. पार्टी ने इसके लिए प्रदेशभर में 'नव संकल्प महासभा' आयोजित करने की योजना बनाई है. इसकी शुरुआत 5 नवंबर को वाराणसी से होगी. 

इन सभाओं के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नेताओं और आम लोगों से संपर्क करेगी. साथ ही अलग-अलग जिलों में संगठन की स्थिति और अपने संभावित वोट बैंक का आकलन करेगी. पार्टी का खास जोर पूर्वी उत्तर प्रदेश पर है, जहां वह दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है.

पूर्वांचल में BSP और सपा के बीच जगह बनाने की तैयारी

LJP (रामविलास) की नजर खास तौर पर पूर्वांचल के उन इलाकों पर है, जहां बहुजन समाज पार्टी (BSP), समाजवादी पार्टी (सपा) और दूसरे क्षेत्रीय दलों का प्रभाव है. पार्टी को लगता है कि इस क्षेत्र में अपने लिए राजनीतिक जगह बनाई जा सकती है. इसके लिए वह पहले समझना चाहती है कि किन विधानसभा क्षेत्रों में उसका संगठन और स्थानीय समर्थन मजबूत है.

पार्टी की योजना है कि प्रदेश के अलग-अलग मंडलों में महासभाएं की जाएं. हर मंडल में आने वाले जिलों को इस अभियान के दायरे में रखा जाएगा. इन बैठकों से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी उन विधानसभा सीटों की पहचान करेगी, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है.

5 नवंबर को वाराणसी में चिराग पासवान की सभा

पार्टी के 'नव संकल्प महासभा' अभियान की पहली बैठक 5 नवंबर को वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज में होगी. इसमें LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शामिल होंगे. वह आम लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे.

चिराग पासवान इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को लेकर पार्टी के उद्देश्यों की जानकारी भी देंगे. साथ ही प्रदेश के लिए तैयार किए जा रहे संभावित घोषणापत्र की रूपरेखा सामने रखेंगे.

NDA के साथ चुनाव लड़ना चाहती है पार्टी

LJP (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दल के तौर पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. हालांकि, चिराग पासवाल ये भी ऐलान किया है कि अगर गठबंधन उन्हें सीट नहीं देता है तो उनकी पार्टी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी.

बिहार चुनाव से लिया है महासभा अभियान का आइडिया

उत्तर प्रदेश में शुरू किया जा रहा अभियान LJP (रामविलास) के लिए नया नहीं है. पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भी इसी तरह 'नव संकल्प महासभा' अभियान चलाया था.

बिहार में इसकी शुरुआत भोजपुर जिले के आरा से हुई थी. यहां आयोजित सभा के जरिए शाहाबाद और मगध क्षेत्र के सात जिलों की 33 विधानसभा सीटों तक पहुंचने की कोशिश की गई थी. इसके बाद नालंदा, गया, सारण, मुंगेर और मुजफ्फरपुर में भी सभाएं आयोजित की गईं. अभियान का अगला पड़ाव कोसी-सीमांचल क्षेत्र का पूर्णिया था.

इन सभाओं के जरिए पार्टी ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपने संगठन और जनसमर्थन की स्थिति समझी थी. इसके बाद बिहार विधानसभा चुनाव में LJP (रामविलास) ने NDA के साथ 29 सीटों पर चुनाव लड़ा और 19 सीटों पर जीत दर्ज की. 

अब पार्टी उत्तर प्रदेश में भी इसी तरीके को अपनाना चाहती है. यहां भी पहले मंडल स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन होगा और उसके बाद चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी.

ये भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री की माफी के बाद भी नहीं माने अखिलेश, अब यूपी की सीमा पर बोर्ड लगाने की कही बात