UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली में बिहार के मौलाना तौसीफ की लाश मिलने के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है. इस बीच उनकी पत्नी तबस्सुम खातून बरेली पहुंचीं और पुलिस अधिकारी से मिलीं. उन्होंने बरेली जंक्शन के जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए हत्या की आशंका जताई है. बताया जा रहा है कि मौलाना तौसीफ रजा की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली थी. बरेली में उनकी मौत के बाद यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है. वहीं इस मामले पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने X पोस्ट कर उत्तर प्रदेश सरकार और रेल मंत्री पर निशाना साधते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. इसके अलावा कई अन्य सांसदों ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार की आलोचना की, जिससे यह मामला अब और ज्यादा राजनीतिक हो गया है.
ADVERTISEMENT
मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताई
मृतक की पत्नी तबस्सुम खातून ने पति की मौत को हत्या बताया है. मीडिया से बातचीत में तबस्सुम खातून ने बरेली जंक्शन के जीआरपी थाने में दिए एप्लीकेशन में कहा कि उनके पति मौलाना तौसीफ रजा की मौत हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन के डिब्बे में कुछ लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की और बाद में उन्हें चलती ट्रेन से फेंक दिया. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसे कई मामले हो रहे हैं, जहां टोपी पहनने वालों और मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ मारपीट की जा रही है.
पत्नी ने ट्रेन में मारपीट की बात बताई
मृतक की पत्नी तबस्सुम खातून ने बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 9:45 बजे उनके पति ने फोन कर कहा कि ट्रेन में कुछ लोग उन्हें पीट रहे हैं. इसके बाद उन्होंने तुरंत वीडियो कॉल की, जिसमें उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनका कॉलर पकड़कर बेरहमी से मारपीट कर रहे थे लेकिन किसी ने मदद नहीं की. उन्होंने करीब 30 सेकंड का ऑडियो और 2 मिनट 53 सेकंड का वीडियो कॉल किया, फिर फोन कट गया. उन्होंने कई बार कॉल करने की कोशिश की लेकिन अंधेरा होने के कारण ठीक से कुछ दिख नहीं रहा था और बात नहीं हो पाई.
आगे उन्होनें बताया कि कुछ देर बाद तौसीफ का मोबाइल बंद हो गया और वह पूरी रात फोन का इंतजार करती रहीं. अगली सुबह करीब 9:30 बजे एक मैसेज मिलने पर जब उन्होंने कॉल किया तो पुलिस ने फोन उठाकर उनके पति की गंभीर हालत की जानकारी दी. पुलिस की ओर से उन्हें यह सूचना दी गई कि उनकी मौत हो चुकी है. इसके बाद परिवार बरेली पहुंचा, जहां सारी कानूनी प्रक्रिया पूरी करके शव को बिहार ले जाकर अंतिम संस्कार किया. वहीं तबस्सुम का यह आरोप है कि उनके पति की हत्या की गई है और वे दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं, साथ ही उन्होंने कहा कि उनके परिवार में सिर्फ सास-ससुर हैं और अगर उन्हें कुछ हो गया तो उनका सहारा खत्म हो जाएगा.
ओवैसी की पार्टी ने जांच की मांग की
ओवैसी की पार्टी के लोगों ने भी इस मामले में साथ दिया. बरेली में एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की. साथ ही बरेली में पार्टी के प्रतिनिधियों ने पीड़ित की पत्नी से मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों से इस पूरे मामले की शिकायत की.
ADVERTISEMENT









