Noida Airport Flight: अगर आप पहाड़ों की हसीन वादियों या धार्मिक स्थलों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अब आपकी यात्रा का समय बेहद कम होने वाला है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से देश के दो सबसे खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशंस के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने जा रही हैं.
ADVERTISEMENT
इंडिगो एयरलाइन ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा (Gaggal Airport) के लिए सीधी हवाई सेवा का बड़ा ऐलान किया है. जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही इन उड़ानों से यात्रियों को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की भीड़भाड़ से बड़ी राहत मिलेगी. गगल एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने भी इस नए हवाई संपर्क की पुष्टि की है.
श्रीनगर के लिए उड़ेगी सीधी फ्लाइट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब कश्मीर घाटी जाना बेहद आसान हो जाएगा. इंडिगो इस रूट पर जुलाई 2026 से अपनी डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने की तैयारी में है. नई फ्लाइट कनेक्टिविटी दिल्ली-एनसीआर से सीधे जम्मू-कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होगी.
कितना हो सकता है किराया?
सामान्य दिनों में एडवांस बुकिंग करने पर इस रूट का किराया लगभग 5,000 से 6,500 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है. यदि आप पीक टूरिज्म सीजन (जैसे गर्मी या बर्फबारी के समय) या वीकेंड पर यात्रा करते हैं, तो मांग बढ़ने के कारण किराया 9,500 से 15,000 रुपये या उससे अधिक तक भी जा सकता है.
हिमाचल के कांगड़ा के लिए 1 जुलाई से सेवा
कश्मीर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा घाटी के लिए भी कनेक्टिविटी को बेहद मजबूत किया जा रहा है. जेवर एयरपोर्ट और गगल हवाई अड्डे (कांगड़ा) के बीच 1 जुलाई 2026 से सीधी उड़ान शुरू होगी. सर्विस सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी.
- नोएडा से रवानगी: सुबह 09:55 बजे और कांगड़ा आगमन: सुबह 11:40 बजे
- कांगड़ा से वापसी: दोपहर 12:00 बजे और नोएडा आगमन: दोपहर 01:40 बजे
- कुल समय: दोनों शहरों के बीच का यह हवाई सफर महज 1 घंटा 40 मिनट में पूरा हो जाएगा.
पर्यटक और श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा फायदा
नई हवाई सेवा का सबसे बड़ा लाभ वीकेंड पर घूमने वाले पर्यटकों और धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा. इसके जरिए लोग बेहद कम समय में इन प्रमुख जगहों तक पहुंच सकेंगे.
- धर्मशाला और मैक्लोडगंज
- कांगड़ा और चामुंडा देवी
- ज्वालाजी और कांगड़ा देवी मंदिर
कितना होगा किराया?
विमानन कंपनियों ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर उड़ानों का शेड्यूल और किराया जारी कर दिया है. शुरुआती दिनों में इस रूट पर किराये में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
| दिन | संभावित किराया (रुपये में) |
|---|---|
| सामान्य दिन | लगभग ₹7,938 |
| शनिवार (सप्ताहांत) | लगभग ₹23,688 तक |
| रविवार (सप्ताहांत) | लगभग ₹18,333 तक |
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के रूप में विकसित हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा है. इन नई उड़ानों के शुरू होने से न केवल उत्तर भारत के पर्यटन उद्योग को एक नया आयाम मिलेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आने की पूरी उम्मीद है.
ADVERTISEMENT










