Shamli Ayush Malik Ghar Wapsi: उत्तर प्रदेश के शामली से शुरू हुआ और देशभर की सुर्खियों में छाया 'आयुष मलिक' धर्म परिवर्तन का मामला अब पूरी तरह पलट चुका है. चांदनी कुरैशी के प्यार में पड़कर 'मोहम्मद मलिक' बनने वाला आयुष मलिक अब एक बार फिर अपने पुराने रूप में लौट आया है. आयुष ने स्वेच्छा से घर वापसी करते हुए सनातन धर्म अपना लिया है. इस बड़ी घर वापसी के बाद अब आयुष के पिता देवराज मलिक का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने देशवासियों, मीडिया और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का आभार जताया है.
ADVERTISEMENT
'अपनी मर्जी से हिंदू धर्म में लौट आया हूं'
लंबे विवाद और कानूनी कार्रवाई के बाद आयुष मलिक ने खुद एक वीडियो जारी कर अपनी घर वापसी की पुष्टि की है. वीडियो में आयुष ने कहा:
"मेरा नाम आयुष मलिक है. मैं इस्लाम में चला गया था. मैंने धर्म परिवर्तन कर लिया था. लेकिन मैंने आप सभी की परेशानी और अपने परिवार की स्थिति को देखते हुए, अपनी मर्जी से दोबारा अपने परिवार और हिंदू धर्म में वापस आने का फैसला किया है. मैं अपने पापा के प्यार और उनके साए में रहना चाहता हूं. आप सभी मुझे माफ कर दें."
बेटे की घर वापसी पर भावुक हुए पिता, बोले- 'योगी सरकार न होती तो क्या ये संभव था?'
आयुष की सकुशल घर वापसी पर उसके पिता देवराज मलिक बेहद खुश और भावुक नजर आए. उन्होंने मीडिया और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि यह सब ईश्वर की विशेष कृपा और लोगों की दुआओं के कारण संभव हो पाया है.
जब उनसे आयुष के ऊपर किसी भी तरह के दबाव को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा:
"जो कल पूजा-अर्चना की वीडियो वायरल हुई है, वह पूरी तरह सत्य है. बच्चा अपने घर पर पूजा-अर्चना कर रहा है. उस पर किसी का कोई दबाव नहीं है. मैं साथ में बैठा हूँ, उसकी माँ साथ में बैठी है. क्या उसके व्यवहार में कहीं से भी दबाव दिखाई दे रहा है? नहीं, वह बिल्कुल स्वतंत्र है और खुश होकर बात कर रहा है. वह अपनी खुशी से वीडियो बना रहा है और खुश होकर सब काम कर रहा है."
इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकार की सराहना करते हुए कहा कि अगर आज राज्य में योगी सरकार नहीं होती, तो शायद यह सब इतनी आसानी से संभव नहीं हो पाता.
क्या था पूरा मामला?
आपको बता दें कि यह मामला तब गरमाया था जब शामली के आयुष मलिक ने चांदनी कुरैशी के प्यार में अपना धर्म बदलकर इस्लाम अपना लिया था और अपना नाम मोहम्मद मलिक रख लिया था. इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर देश भर में हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की थी और आयुष का धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में चांदनी कुरैशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब आयुष की घर वापसी के बाद इस पूरे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है.
ADVERTISEMENT










