यात्रियों के लिए बड़ी खबर! रेलवे ने इन 5 स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई, यूपी के बड़े स्टेशनों से होकर निकलेगी ट्रेनें

Railway Special Trains: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है. रक्सौल-लोकमान्य तिलक, पटना-हावड़ा, पटना-चर्लपल्ली, पटना-खोरधा रोड और सोगरिया-धनबाद स्पेशल ट्रेनों की नई संचालन तिथियां जारी कर दी गई हैं. जानिए आपकी ट्रेन कब तक चलेगी.

UP Tak

उदय गुप्ता

01 Jul 2026 (अपडेटेड: 01 Jul 2026, 03:24 PM)

follow google news

Indian Railways Special Trains: अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी हो सकती है. यात्रियों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है. इससे बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड समेत कई राज्यों के यात्रियों को फायदा मिलेगा. रेलवे का कहना है कि इस फैसले से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें...

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान भीड़ कम हो और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो.

जुलाई के अंत तक चलेगी रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल

रेलवे ने 05557/05558 रक्सौल-लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल ट्रेन के संचालन को जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया है. यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) के रास्ते चलेगी. रक्सौल से यह ट्रेन 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और लोकमान्य तिलक से 30 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी.

पटना-चर्लपल्ली स्पेशल का भी बढ़ा संचालन

03253/03254/03255 पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन भी अब जुलाई के अंत तक चलेगी. यह ट्रेन गया, कोडरमा, गोमो, रांची, बिलासपुर, रायपुर, नागपुर और काजीपेट होकर संचालित होती है. पटना से यह ट्रेन 29 जुलाई 2026 तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को चलेगी. वहीं चर्लपल्ली से वापसी की सेवाएं बुधवार और शुक्रवार को जारी रहेंगी.

पटना-खोरधा रोड स्पेशल यात्रियों को मिलेगी राहत

बिहार और ओडिशा के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है. 03230/03229 पटना-खोरधा रोड जंक्शन स्पेशल ट्रेन का संचालन भी जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है. यह ट्रेन बख्तियारपुर, मोकामा, झाझा, आसनसोल, खड़गपुर, कटक और भुवनेश्वर के रास्ते चलेगी. पटना से यह ट्रेन 30 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और खोरधा रोड से 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी.

सितंबर तक चलेगी पटना-हावड़ा स्पेशल

पटना और हावड़ा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. 02024/02023 पटना-हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन का संचालन अब 27 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा. यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को दोनों दिशाओं में चलेगी और बख्तियारपुर, मोकामा तथा झाझा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी.

नवंबर तक मिलेगी सोगरिया-धनबाद स्पेशल की सुविधा

रेलवे ने 09821/09822 सोगरिया-धनबाद-सोगरिया स्पेशल ट्रेन की अवधि भी बढ़ा दी है. यह ट्रेन सागर, दमोह, कटनी, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), गया, कोडरमा और गोमो के रास्ते चलेगी. सोगरिया से यह ट्रेन 16 जुलाई से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और धनबाद से 18 जुलाई से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी.

रेलवे के इस फैसले से उन यात्रियों को सबसे अधिक राहत मिलेगी जो छुट्टियों, पारिवारिक कार्यक्रमों या कामकाज के सिलसिले में इन रूटों पर नियमित यात्रा करते हैं. यदि आप भी इनमें से किसी ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो यात्रा से पहले अपने संबंधित रेलवे जोन की वेबसाइट या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा पर ट्रेन की समय-सारिणी और उपलब्धता जरूर जांच लें.

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)