'होटल की सीढ़ियों से धक्का, सिर और पीठ पर चोट', नोएडा की दुल्हन के लिए बुरे सपने जैसा रहा हनीमून, पति निकला 'राक्षस'

Noida Crime News: नोएडा में शादी के महज कुछ ही दिनों बाद एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां हनीमून से लौटते ही एक नई नवेली दुल्हन इंसाफ के लिए सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गई. जानिए क्या है पूरा मामला.

Noida News

Noida News

भूपेंद्र चौधरी

01 Jul 2026 (अपडेटेड: 01 Jul 2026, 03:01 PM)

follow google news

Noida Crime News: कहते हैं कि शादी के बाद हनीमून के दिन किसी भी जोड़े की जिंदगी के सबसे खुशनुमा और यादगार पल होते हैं. लेकिन नोएडा में एक नई नवेली दुल्हन के लिए यह सफर किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ. नोएडा के सेक्टर-113 क्षेत्र में एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां शादी के कुछ ही दिनों बाद हनीमून से लौटते ही एक दुल्हन रोमांटिक यादों के बजाय शरीर पर चोट के निशान लेकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गई. पीड़ित महिला ने अपने ही पति पर हनीमून के दौरान होटल की सीढ़ियों से धक्का देने, बेरहमी से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

शादी के अगले ही दिन पति करने लगा मारपीट

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, दोनों की शादी इसी साल 30 अप्रैल 2026 को धूमधाम से हुई थी. दुल्हन ने अपनी जिंदगी के नए सफर को लेकर कई सपने संजोए थे. लेकिन उसका आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से पति का असली रंग सामने आ गया. पति बिना किसी वजह के उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा. परिवार को लगा कि शायद वक्त के साथ चीजें ठीक हो जाएंगी जिसके बाद 4 मई को दोनों हनीमून के लिए रवाना हो गए.

हनीमून डेस्टिनेशन पर हैवानियत

शुरुआत में दोनों शिमला गए लेकिन वहां भी पति का हिंसक व्यवहार नहीं बदला. इसके बाद जब उनका टूर आगे बढ़ा और वे सिक्किम व दार्जिलिंग पहुंचे तो वहां विवाद और ज्यादा गहरा गया.

शिकायत के अनुसार, 9 मई को दार्जिलिंग के एक होटल में बहस के दौरान पति के सिर पर खून सवार हो गया. उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी नई नवेली पत्नी को होटल की सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया. इस भयानक हादसे में महिला के दोनों घुटनों, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं. पीड़ित का आरोप है कि जब वह दर्द से कराह रही थी तब सहानुभूति दिखाने के बजाय उसके पति ने उसे जुबान बंद रखने और जान से मारने की धमकी दी.

नोएडा लौटते ही आरोपी फरार

जैसे-तैसे वापस नोएडा लौटने के बाद जब हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी पति ने एक बार फिर उसके साथ मारपीट की. इसके बाद जब उसे अहसास हुआ कि मामला कानूनी रूप ले सकता है तो आरोपी पति घर छोड़कर फरार हो गया.

पुलिस की कार्रवाई

हार मानकर बैठने के बजाय पीड़िता ने सबसे पहले अपना मेडिकल परीक्षण कराया ताकि कानूनी तौर पर उसके पास पुख्ता सबूत हों. इसके बाद उसने सेक्टर-113 थाने में तहरीर दी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा.