Bareilly News: बरेली जनपद के मीरगंज तहसील क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश ने शीशगढ़ क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोल दी. जाफरपुर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र परिसर में जलभराव होने से सुरक्षा कारणों के चलते बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद करनी पड़ी। इसके चलते शीशगढ़ कस्बे सहित करीब 160 गांवों की बिजली कई घंटों तक बाधित रही. अचानक बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल संकट, उमस और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
सुबह से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण घरों में पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिससे पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई. दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का काम भी प्रभावित हुआ, जबकि किसानों को सिंचाई संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. उमस भरे मौसम में बिजली न होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कई क्षेत्रों के उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की.
विद्युत उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि परिसर में बारिश के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। उपकेंद्र में पानी भरने से करंट फैलने और अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. इसी वजह से कर्मचारियों ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी.
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपकेंद्र परिसर से पानी निकालने का कार्य युद्धस्तर पर कराया गया. जलस्तर कम होने के बाद लाइन और उपकरणों की जांच कर चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.
अधिकारियों का कहना है कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने की योजना पर काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में बरसात के दौरान उपभोक्ताओं को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ADVERTISEMENT










