SI Arjun Singh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. प्रतापगढ़ के मानधाता थाने में तैनात एक दरोगा अर्जुन सिंह पर आरोप है कि उन्होंने वर्दी की धौंस और शादी का झांसा देकर एक महिला का सालभर तक शारीरिक संबंध बनाए. जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं. खाकी की आड़ में छिपे इस दरोगा की हकीकत जब सामने आई तो पता चला कि वह कुंवारा नहीं बल्कि पहले से शादीशुदा और बच्चों का बाप है. इस मामले में पुलिस कप्तान ने एक्शन लेते हुए आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है. लेकिन पीड़िता न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला
अपराध की इस घिनौनी स्क्रिप्ट की शुरुआत तब हुई जब पीड़िता अपने एक पुराने मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में मानधाता थाने पहुंची थी. वहां उसकी मुलाकात एसआई अर्जुन सिंह से हुई. दरोगा अर्जुन सिंह ने महिला को अपने जाल में फंसाने के लिए खुद को अविवाहित बताया और उससे शादी करने का वादा कर लिया.
शादी का झांसा देकर दरोगा ने महिला से प्रेम संबंध स्थापित किए और फिर प्रतापगढ़ बुलाकर अलग-अलग होटलों में एक साल तक उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा. पीड़िता ने सबूत के तौर पर पुलिस को तस्वीरें भी सौंपी हैं जिसमें दरोगा उसके बेहद करीब नजर आ रहा है.
शादी का दबाव बनाया तो मिली मौत की धमकी
धोखे और फरेब की यह कहानी तब तक चलती रही जब तक महिला को दरोगा की असलियत का पता नहीं चला. 17 जून 2026 को जब पीड़िता ने दरोगा अर्जुन सिंह पर शादी करने का अंतिम दबाव बनाया तो दरोगा का असली चेहरा सामने आ गया. उसने शादी करने से साफ मना कर दिया, गाली-गलौज की और धमकी दी कि अगर उसके पीछे पड़ी तो उसे जान से मरवा देगा. बाद में पीड़िता को पता चला कि दरोगा पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं.
वाराणसी में आधी रात को बुलाया, पुलिस वालों ने ही दी धमकी
पीड़िता का आरोप सिर्फ एक दरोगा पर नहीं बल्कि महकमे के अन्य लोगों पर भी है. पीड़िता ने बताया कि 'वाराणसी के कैंट थाने से जुड़े कुछ पुलिस वालों ने मिलकर मुझे और अर्जुन सिंह को रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच बुलाया. वहां के चौकी इंचार्ज ने मुझे सीधे तौर पर धमकाया कि अपना बयान वापस ले लो और केस मत करो, वरना जहां मिलोगी वहीं जान से मरवा देंगे. इसके बाद मैंने 27 तारीख को सीधे एसपी सर को फोन किया तब जाकर उनकी दखल के बाद मेरा मुकदमा लिखा गया.'
महिला के इस गंभीर आरोप के बाद प्रतापगढ़ पुलिस की साख पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस अधीक्षक (SP) प्रतापगढ़ ने तत्काल प्रभाव से कड़ा एक्शन लिया है. फिलहाल आरोपी दरोगा पुलिसिया रडार पर है और विभागीय जांच के घेरे में है. वहीं दूसरी तरफ, पीड़िता अब भी न्याय की गुहार लगा रही है. सवाल यही है कि जो वर्दी समाज को सुरक्षा देने के लिए है, अगर उसी के नुमाइंदे ऐसे घिनौने कांड को अंजाम देंगे तो जनता किस पर भरोसा करेगी?
ADVERTISEMENT










