Ghaziabad Police Encounter News: गाजियाबाद में क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. शनिवार को सूर्यनगर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने सफेद फॉर्च्यूनर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने भागने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में फरमान के दोनों पैरों में गोली लगी. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर कार, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 100 मुकदमे दर्ज हैं.
ADVERTISEMENT
पुलिस को देखकर भागने लगा था कार सवार
पुलिस के अनुसार शनिवार को क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम सूर्यनगर चौराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान सामने से सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी. पुलिसकर्मियों ने चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय उसे मोड़कर वहां से भागने की कोशिश की. आरोप है कि कार में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इस दौरान कार चला रहे फरमान के दोनों पैरों में गोली लग गई. पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है.
मेरठ का रहने वाला है आरोपी फरमान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन निवासी फरमान (29) पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से बरामद फॉर्च्यूनर कार की जांच की तो पता चला कि यह लिंक रोड थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी. इस मामले में लिंक रोड थाने में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 218/2026 दर्ज है. पुलिस के मुताबिक यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत दर्ज किया गया था. फरमान लिंक रोड और मधुबन बापूधाम थानों में दर्ज मामलों में वांछित चल रहा था. लिंक रोड थाने से उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
चोरी और हत्या के प्रयास समेत करीब 100 मुकदमे
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक फरमान के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 100 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से दो थानों में दर्ज मामलों में वांछित था. मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मौके से बरामद कार और हथियारों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार साथी को पकड़ने के लिए भी पुलिस टीम प्रयास कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- हुस्न, लिव-इन रिलेशनशिप और ब्लैकमेलिंग...! लखनऊ में चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत, मॉडल गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे ने क्या किया?
ADVERTISEMENT











