उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. दरअसल मटौंध थाना क्षेत्र में 17 साल की एक लड़की घर वालों की डांट से इतनी नाराज हो गई कि वह पहले तो घर से भाग गई और फिर केन नदी के किनारे लगे बिजली के एक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई. जानकारी के मुताबिक घर से लड़की के गायब होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज करके लड़की की तलाश शुरू कर दी. इसी दौरान खबर मिली की लड़की हाईटेंशन टावर पर चढ़ी हुई है. इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिस ने लड़की की काउंसलिंग करने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया है.
ADVERTISEMENT
फोन पर बात करने को लेकर हुई थी डांट
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है. 17 साल की यह किशोरी घर में किसी लड़के से फोन पर बात कर रही थी. परिवार के लोगों ने जब उसे फोन पर बात करते देखा, तो उन्होंने उसे डांट दिया और आगे से ऐसा करने से मना किया. परिजनों की इसी बात से लड़की इतनी ज्यादा नाराज हो गई कि वह गुस्से में घर छोड़कर चली गई.
पुलिस ने गुमशुदगी का केस कर शुरू की तलाश
लड़की के अचानक घर से चले जाने के बाद घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. बांदा के डिप्टी एसपी सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी का केस दर्ज किया. लड़की को जल्द से जल्द खोजने के लिए पुलिस की दो टीमें भी बनाई गईं.
केन नदी के किनारे टावर पर चढ़ी लड़की
पुलिस की टीमें लड़की की तलाश कर ही रही थीं, तभी उन्हें खबर मिली कि एक लड़की केन नदी के किनारे लगे बिजली के हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर पहुंचकर पता चला कि यह वही 17 साल की लड़की है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. लड़की को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों की भी भारी भीड़ वहां जमा हो गई.
काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बड़ी सूझबूझ से काम लिया और टावर पर चढ़ी लड़की को समझाने की कोशिश की. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लड़की नीचे उतरने के लिए राजी हुई. पुलिस ने सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया. इसके बाद किशोरी को थाने लाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई. डिप्टी एसपी ने बताया कि लड़की पूरी तरह से सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: अयोध्या में 7 नवंबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पहली बार करेंगे भगवान राम का राजतिलक
ADVERTISEMENT











