पीलीभीत में अचानक चलीं ताबड़तोड़ गोलियां... मोहित, अंकित, कुणाल की हत्या, क्यों हुआ ट्रिपल मर्डर?

सौरभ पांडेय

• 10:50 AM • 13 Oct 2026

पीलीभीत के अमरिया में रामलीला मेले के हिसाब-किताब को लेकर हुई बैठक में गोलीबारी से तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो सगे भाई और 15 वर्षीय किशोर शामिल हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है.

Pilibhit Triple Murder

Pilibhit Triple Murder

Google CTA

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में सोमवार देर रात जो हुआ उसने पूरे इलाके को दहशत और मातम में डुबो दिया. रामलीला मेले के पुराने हिसाब-किताब को लेकर बुलाई गई कमेटी की बैठक अचानक एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई, जहां अंधाधुंध गोलियां बरसाई गईं. इस सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जिसमें एक 15 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है.

यह भी पढ़ें...

एक साथ ट्रिपल मर्डर से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन ने मौके पर भारी फोर्स तैनात कर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है.

हिसाब-किताब के विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल

घटना सोमवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे अमरिया कस्बे की है जहां रामलीला मेले की कमेटी की बैठक चल रही थी. मेले के पुराने हिसाब-किताब का ब्यौरा दिया जाना था जिसमें कमेटी के 31 सदस्य शामिल थे. जानकारी के मुताबिक, बैठक के दौरान कौशल गुप्ता नामक युवक ने कमेटी के अध्यक्ष सूरज गुप्ता और चंद्र प्रकाश से पुराना हिसाब मांग लिया.

हिसाब मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट और फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी में बदल गई. आरोप है कि झड़प के दौरान लाइसेंसी राइफल और अवैध हथियारों से धड़ाधड़ गोलियां चलाई गईं जिससे मौके पर भगदड़ मच गई.

दो सगे भाइयों और 15 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

इस अचानक हुए खूनी हमले में किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. ताबड़तोड़ फायरिंग की इस घटना में अंकित गुप्ता और 15 साल के कुणाल श्रीवास्तव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

वहीं गंभीर रूप से घायल हुए अंकित के सगे भाई मोहित गुप्ता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस दिल दहला देने वाली घटना ने परिवारों को तोड़कर रख दिया है और पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

तीन आरोपी हिरासत में, हथियार बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को संभाला. पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है. घटनास्थल से पुलिस ने एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और कुछ डंडे भी बरामद किए हैं. पुलिस सभी वैधानिक कार्रवाई करते हुए यह खंगालने में जुटी है कि आखिर मामूली हिसाब-किताब का विवाद इस खूनी तांडव तक कैसे पहुंच गया.

ये भी पढ़ें: बिजनौर में तेज अवाज में अजान पर बड़ा एक्शन, SP केके बिश्नोई ने दे दी ऐसी सजा!