आगरा में शादीशुदा प्रेमी ने बीच सड़क प्रेमिका को मारी गोली, पूरा मामला हिलाकर रख देगा

अरविंद शर्मा

• 08:38 AM • 08 Oct 2026

आगरा में शादीशुदा प्रेमी ने बीच सड़क प्रेमिका को गोली मार दी. भीड़ से घिरने पर आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी. घायल छात्रा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Agra News

Agra News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के आगरा में मोहब्बत, ब्रेकअप और खूनी सनक का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला है. मलपुरा थाना क्षेत्र स्थित सफायर कॉलोनी में बुधवार दोपहर बीच सड़क पर एक शादीशुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी. इसके बाद जब आसपास की भीड़ आरोपी को पकड़ने दौड़ी तो उसने खौफ में आकर खुद की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

यह भी पढ़ें...

खून से लथपथ गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है. पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में इस सनसनीखेज वारदात के पीछे पुरानी एफआईआर, कोर्ट में बयान बदलने और डेढ़ महीने पहले हुए ब्रेकअप का पेचीदा मामला सामने आया है.

बीच सड़क बहस और गोलियों की तड़तड़ाहट

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान 25 साल के अरुण कुमार के रूप में हुई है जो सैंया टोल प्लाजा पर नौकरी करता था. अरुण पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं. उसका अफेयर हाथरस की रहने वाली BSc छात्रा हनी से चल रहा था. हनी आगरा में किराए पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रही थी.

बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हनी अपनी एक सहेली के साथ अरुण से मिलने सफायर कॉलोनी पहुंची थी. चश्मदीदों के मुताबिक, सड़क पर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में बौखलाए अरुण ने अचानक अपनी कमर से तमंचा निकाला और हनी पर सीधा फायर कर दिया. गोली लगते ही हनी खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी जिसे देख उसकी सहेली दहशत में मौके से भाग निकली.

भीड़ से घिरने के डर से खुद की कनपटी पर ठोक दी गोली

अचानक हुई फायरिंग की आवाज सुनते ही कॉलोनी के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े. अपने चारों ओर लोगों की भीड़ जुटते और पुलिस के हाथों पकड़े जाने का खौफ देखकर अरुण घबरा गया. उसने बिना देर किए उसी तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली जिससे उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया.

पहले दर्ज कराई FIR फिर बयानों से पलट गई थी छात्रा

डीसीपी सिटी अली अब्बास के अनुसार, इस पूरे क्राइम एंगल में एक बड़ा कानूनी मोड़ सामने आया है. कुछ समय पहले घायल छात्रा ने अरुण के खिलाफ थाने में गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कराई थी. हालांकि बाद में कोर्ट में धारा 164 के तहत दर्ज बयानों में वह अपने आरोपों से मुकर गई थी जिसके चलते कानूनी तौर पर वह मुकदमा खत्म हो गया था. पुलिस इस पुराने रिकॉर्ड को भी अपनी जांच में शामिल कर रही है.

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अरुण और हनी कब और किस तरह कॉलोनी में पहुंचे थे. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली चलाने से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था. 
 

ये भी पढ़ें: यूपी के इन जिलों में आज तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी