इटावा में बच्चे के गंजे सिर को तबला समझकर बजाने लगा टीचर, वीडियो सामने आते ही हो गया बड़ा एक्शन

अमित तिवारी

• 09:21 AM • 09 Oct 2026

इटावा के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक ने मासूम छात्र के सिर पर तबला बजाया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया है. मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.

Etawah News

Etawah News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के इटावा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. स्कूल में बच्चों को पढ़ाने की बजाय एक टीचर मासूम छात्र के सिर पर तबलना बजाने का रिहर्सल करता नजर आया. सैफई ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बिरौली में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने कक्षा में पढ़ने आए एक गंजे मासूम छात्र के सिर को तबला समझकर उस पर थाप देनी शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें...

हद तो तब हो गई जब शिक्षक ने इस अमर्यादित हरकत का वीडियो खुद ही अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया जिसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.

क्लासरूम में पढ़ाई के बजाय छात्र के सिर पर 'तबला वादन'

मामला इटावा जिले के सैफई ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय बिरौली का है. जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने आए एक बच्चे के सिर के बाल कटे हुए थे और उसका सिर लगभग गंजा था. कक्षा में मौजूद इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार माथुर की नजर जैसे ही मासूम के सिर पर पड़ी, उनका पढ़ाने का मन बदल गया. उन्होंने बच्चे के सिर को तबले की जगह इस्तेमाल करते हुए उस पर धुन बजानी शुरू कर दी. इस दौरान बाकी बच्चे हंसते रहे और क्लास का माहौल पढ़ाई के बजाय मजाक का अखाड़ा बन गया.

मास्टर साहब की खुद की गलती से खुली पोल

आमतौर पर जब स्कूलों के ऐसे आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते हैं तो यह सवाल उठता है कि इन्हें किसने रिकॉर्ड या लीक किया. लेकिन इस मामले में मास्टर साहब ने खुद ही अपनी पोल खोल दी. इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार माथुर ने बच्चे के सिर पर थाप देने का वीडियो बनवाया और बिना किसी हिचकिचाहट के उसे अपनी पर्सनल फेसबुक आईडी पर पोस्ट कर दिया.

वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आया शिक्षा विभाग

जैसे ही यह वीडियो फेसबुक से निकलकर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ, लोगों ने शिक्षक के आचरण और छात्र की गरिमा को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. मामला तूल पकड़ते ही इटावा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के संज्ञान में आया. अधिकारियों ने इसे प्रथम दृष्टया घोर अनुशासनहीनता और पद की मर्यादा के खिलाफ माना.

तत्काल प्रभाव से सस्पेंड, जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार माथुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू करा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ आगे की कड़ी वैधानिक व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: शिष्य रसिक दुलारी की मौत के बाद वृंदावन में केली कुंज आश्रम पहुंचे प्रेमानंद महाराज, कितनी देर रुके और क्या-क्या किया यहां?