उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार भोर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. धनपतगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग पेशेवर टेनिस खिलाड़ी थे.
ADVERTISEMENT
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ. कार में कुल छह लोग सवार थे. सभी लखनऊ से खेलकर देवरिया लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार अर्टिगा आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तैनात यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए कुमारगंज के अस्पताल पहुंचाया. वहां से तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
घायलों में देवरिया के 23 वर्षीय आनंद यादव, 22 वर्षीय राजू और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी 30 वर्षीय जयंतो शर्मा शामिल हैं. जयंतो शर्मा ने बताया कि वे सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे.
हादसे के वक्त कार में कौन-कौन था?
जयंतो शर्मा के मुताबिक, कार में छह लोग सवार थे. इनमें उनके अलावा 22 वर्षीय नित्या प्रजापति, 20 वर्षीय इरफान अंसारी और 24 वर्षीय अनिकेत भी थे. बताया गया है कि ये सभी देवरिया के रहने वाले थे.
घायल जयंतो ने बताया कि हादसे के समय सभी लोग नींद में थे. उन्हें यह जानकारी नहीं है कि कार किस तरह ट्रक से टकराई. घटना बुधवार भोर की बताई जा रही है.
हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई. पुलिस हादसे की जांच कर रही है और टक्कर के बाद मौके से निकल गए अज्ञात ट्रक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
ये भी पढ़ें - राहुल गांधी को हिरासत में लेते ही गेट पर चढ़ गईं बहन प्रियंका गांधी, सामने आई तस्वीरों ने मचाया बवाल!
ADVERTISEMENT











