उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद में ध्वनि प्रदूषण और तय मानकों की अनदेखी पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. नजीबाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज के पास स्थित नजीबुद्दौला मस्जिद में निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. एसपी के निर्देश पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर और माइक को अपने कब्जे में ले लिया है. साथ ही मस्जिद में अजान देने वाले मोहम्मद फैजान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है. इस पूरी कार्रवाई के बीच धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर सर्वे से जुड़ी गलत रिपोर्ट देने वाले थाने के एक सिपाही को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
एसपी के निरीक्षण के दौरान पकड़ा गया मामला
घटना 10 अक्टूबर की दोपहर करीब 1:00 बजे की है. एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई थाना समाधान दिवस के सिलसिले में नजीबाबाद पुलिस स्टेशन पहुंचे थे. इसी दौरान राजकीय इंटर कॉलेज के पास स्थित नजीबुद्दौला मस्जिद से लाउडस्पीकर की अत्यधिक तेज आवाज सड़क और आसपास के इलाकों में गूंज रही थी. आवाज इतनी तेज थी कि वहां से गुजरने वाले आम लोगों के साथ-साथ स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था. स्थिति को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तुरंत पुलिस बल को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए.
अजान देने वाला युवक गिरफ्तार
एसपी के आदेश पर सब-इंस्पेक्टर सौरभ सिंह और कांस्टेबल रोहित तुरंत मौके पर पहुंचे और मस्जिद की जांच की. पुलिस के मुताबिक, लाउडस्पीकर की आवाज तय कानूनी मानकों से काफी ज्यादा थी. मस्जिद में अजान देने वाले मोहम्मद फैजान के खिलाफ ध्वन विस्तारक यंत्र अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.
पुलिस ने मौके से लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर और माइक को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी फैजान को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
गलत रिपोर्ट देने पर सिपाही ललित कुमार निलंबित
यह कार्रवाई सिर्फ अजान देने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रही. इस पूरे मामले में बड़ी लापरवाही तब उजागर हुई जब पता चला कि नजीबाबाद थाने में तैनात सिपाही ललित कुमार ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने और उनकी आवाज के मानकों से जुड़ी गलत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी थी. इस गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता को देखते हुए एसपी ने सिपाही ललित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
पुलिस प्रशासन की सख्त चेतावनी
बिजनौर जिले में पहले भी धार्मिक स्थलों पर अवैध या तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर हटाने को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया था, जिसके तहत हजारों धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए गए थे या उनकी आवाज धीमी कराई गई थी. एएसपी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि माननीय न्यायालय और शासन के निर्देशों के क्रम में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अगर कोई भी व्यक्ति या संस्थान नियमों को ताक पर रखकर तय मानकों से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाएगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











