चर्चित यूट्यूबर और गायक संजय यदुवंशी को किस बात की सजा दे रही यूपी पुलिस, पूछा- वारंट कहां है?

सुल्तानपुर में अवधी गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर पुलिस ने देर रात दबिश दी. परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता और जबरन घर में घुसने के आरोप लगाए. पुलिस ने कार्रवाई को जानलेवा हमले के मुकदमे में जारी वारंट की तामील बताया है.

YouTuber Sanjay Yaduvanshi

YouTuber Sanjay Yaduvanshi

Google CTA

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में प्रसिद्ध अवधी गायक और चर्चित यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर देर रात पुलिस की भारी-भरकम टीम द्वारा दी गई दबिश से हड़कंप मच गया. धम्मौर थाना क्षेत्र के उघड़पुर स्थित उनके आवास पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया. इस दौरान संजय यदुवंशी तो घर पर नहीं मिले लेकिन पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. एक तरफ जहां पीड़ित परिवार ने पुलिस पर बाउंड्री कूदकर घर में घुसने, अभद्रता करने और बेटों के 'एनकाउंटर' का डर जाहिर करते हुए वीडियो वायरल किए हैं. वहीं दूसरी तरफ पुलिस का स्पष्ट कहना है कि यह कार्रवाई जानलेवा हमले के एक मुकदमे में जारी वारंट की कानूनी तामील के तहत की गई थी.

यह भी पढ़ें...

देर रात भारी पुलिस बल के साथ दबिश

मिली जानकारी के मुताबिक, नगर कोतवाली में दर्ज एक पुराने मुकदमे के सिलसिले में पुलिस टीम देर रात संजय यदुवंशी के गांव पहुंची थी. पुलिस के घर में दाखिल होते ही परिजनों और ग्रामीणों के साथ बहस शुरू हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो परिजनों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में घर के लोग पुलिस पर बिना किसी महिला पुलिसकर्मी के रात में घर में घुसने और बदसलूकी करने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं.

हमारे बेटों का हो सकता है एनकाउंटर- संजय के पिता के गंभीर आरोप

घटना के बाद संजय यदुवंशी के पिता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और सनसनीखेज वीडियो बयान जारी किया. उन्होंने आरोप लगाया कि 'हमारे घर पर 150-200 के करीब पुलिस वाले पहुंचे थे. तीन-चार पुलिसकर्मी छत और बाउंड्री कूदकर जबरन घर में घुस आए और मेरे बेटे संजय और शिवा यादव की तलाश करने लगे. पुलिस वाले कह रहे थे कि वे दोनों का एनकाउंटर करने आए हैं. अगर हमारे बेटों को कुछ भी होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी धम्मौर थाने की पुलिस और एसओ साहब की होगी. हम बहुत गरीब लोग हैं, एसपी साहब से गुजारिश है कि हमें न्याय दिया जाए.'

इसके साथ ही खुद गायक संजय यदुवंशी ने भी अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट लिखकर पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई. उन्होंने सवाल पूछा कि आखिरकार उन्हें किस बात की सजा दी जा रही है, वारंट कहां है और एक कलाकार को अपराधी की तरह क्यों पेश किया जा रहा है?

पुलिस का क्या कहना है?

मामला तूल पकड़ते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुल्तानपुर और पुलिस प्रशासन ने मामले पर अपना आधिकारिक रुख साफ किया. पुलिस के मुताबिक 'नगर कोतवाली में वादी जफरुल हसन ने अपने बेटे शबीब रजा के साथ हुई मारपीट और जानलेवा हमले के संबंध में गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था. इस मामले में संजय यदुवंशी मुख्य आरोपी हैं और वांछित चल रहे हैं.

इसके अलावा, सितंबर महीने में अमहट चौराहे पर एक युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में भी संजय यदुवंशी, उनके भाई और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय द्वारा जारी वारंट की तामील कराने और अभियुक्त की तलाश के लिए ही टीम वहां गई थी.

सीओ सुल्तानपुर ने परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, असत्य और निराधार बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस केवल नियमानुसार और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई कर रही है.

फिलहाल पकड़ से बाहर हैं संजय यदुवंशी

हालिया घटनाक्रम के बाद से ही अवधी गायक संजय यदुवंशी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है. एक तरफ जहां परिवार सोशल मीडिया के जरिए न्याय की मांग कर रहा है. वहीं पुलिस पूरी घटना और वायरल वीडियो की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है.


 

ये भी पढ़ें: कौन थे बरसाना के प्रसिद्ध संत पद्मश्री रमेश बाबा, जिनका 90 साल की उम्र में हुआ निधन?