Sambhal Dowry Case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के एक घर में शादी की शहनाई बज रही थी. दुल्हन भी अपने हाथों में मेहंदी रचा चुकी थी. शादी में आए 1500 से 2000 मेहमान खाना भी खा चुके थे और बारात का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. लेकिन, इसी बीच खबर आई कि दूल्हा बारात लेकर नहीं आ रहा है. यह खबर सुनकर शादी वाले घर में शहनाई थम गई और हंसी-खुशी का माहौल अचानक चिंता और गमगीन मय हो गया. दरअसल, दूल्हे ने दहेज में स्कॉर्पियो कार की डिमांड की थी. लड़की के परिजन यह डिमांड पूरी नहीं कर पाए, जिसके चलते राहत अली ने आखिरी मौके पर शादी करने से इनकार कर दिया. जानकारी के मुताबिक, लड़का और लड़की पिछले काफी समय से रिलेशनशिप में थे और दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद ही 11 अक्टूबर 2026 को शादी तय हुई थी.
ADVERTISEMENT
दूल्हे दहेज में मांगी स्कॉर्पियो कार
यह मामला रायसत्ती थाना क्षेत्र के परियावली गांव का है. रियासत ने अपनी 20 साल की बेटी रिसालत की शादी ज्ञानपुर सिसौना गांव के राहत अली से तय की थी. करीब ढाई साल पहले रिसालत और राहत के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को मिली थी. इसके बाद लड़का और लड़की पक्ष के परिजनों ने दोनों के निकाह की तारीख 11 अक्तूबर 2026 तय की थी.
शादी के दिन लड़की पक्ष ने बारात के स्वागत के लिए पूरी तैयारी कर ली थी. घर में दावत का इंतजाम था और दहेज का सामान भी तैयार रखा गया था. मेहमान पहुंचने लगे थे और दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाकर बारात का इंतजार कर रही थी. लेकिन दोपहर तक बारात नहीं पहुंची. परिवार के लोग परेशान हुए तो उन्हें जानकारी मिली कि दहेज में स्कॉर्पियो कार नहीं मिलने के कारण दूल्हा बारात लेकर नहीं आ रहा है.
लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के परिवार की ओर से स्कॉर्पियो कार की मांग की जा रही थी. परिवार और ग्रामीणों ने लड़के पक्ष से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक बारात नहीं पहुंची.
मां बोलीं, बेटी का निकाह वहीं हो
रिसालत की मां शाहना ने बताया कि शादी के लिए सभी इंतजाम किए गए थे. खाना बनवाया गया था और दहेज की तैयारी भी की गई थी, लेकिन बारात नहीं आई. उन्होंने कहा कि करीब ढाई साल पहले रिश्ता तय हुआ था और लड़के वाले गाड़ी की मांग कर रहे थे.
शाहना का कहना है कि वह चाहती हैं कि उनकी बेटी का निकाह उसी लड़के से हो, क्योंकि यह रिश्ता पिछले ढाई साल से चल रहा था. परिवार ने शादी के लिए काफी तैयारी की थी, लेकिन दूल्हे के नहीं आने से उनकी उम्मीदें टूट गई हैं.
भाई ने बताई 25 लाख खर्च की बात
रिसालत के भाई ने आरोप लगाया है कि करीब ढाई साल पहले दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने शादी के लिए सहमति से रिश्ता तय किया था. दोनों पक्षों के बीच लेन-देन भी हुआ था. लेकिन शादी के दिन दूल्हा बारात लेकर नहीं आया और अब गाड़ी की मांग की जा रही है.
भाई ने कहा कि उन्हें सुबह ही जानकारी मिली कि लड़के वाले बारात लेकर नहीं आएंगे और दहेज में स्कॉर्पियो कार की मांग रहे हैं. उनके मुताबिक, न तो दूल्हा आया और न ही उसके परिवार की ओर से कोई सूचना दी गई.
रिसालत के भाई का दावा है कि शादी की तैयारियों में अब तक करीब 25 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि दावत में 1,500 से 2,000 मेहमान खाना भी खा चुके हैं. परिवार चाहता है कि रिसालत का निकाह उसी लड़के से हो, जिसके साथ उसका करीब दो साल से रिश्ता चल रहा था.
शिकायत मिलने पर होगी पुलिस कार्रवाई
रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि परियावली गांव में बारात नहीं आने की जानकारी मिली है. बारात नहीं आने के पीछे क्या कारण हैं, इसकी जांच कराई जा रही है.
थाना प्रभारी के मुताबिक, लड़की पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में जरूरी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, दहेज की मांग और बारात नहीं आने को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले बीजेपी ने किया बड़ा बदलाव, SC मोर्चा के नए जिलाध्यक्षों की लिस्ट आई सामने, देखें पूरी सूची
ADVERTISEMENT











