उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं की गाड़ी दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई. बांदा से महोबा आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो बरीपुरा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्डे में जा पलटी. इस दुर्घटना में पूर्व मंत्री दादू प्रसाद के समर्थकों समेत चार सपा कार्यकर्ता घायल हो गए जिनमें दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए महोबा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ADVERTISEMENT
चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन में आ रहे थे कार्यकर्ता
यह प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी के आरोपों को लेकर आयोजित किया गया था. इसमें शामिल होने के लिए बांदा जिले से पार्टी कार्यकर्ताओं का एक जत्था बोलेरो में सवार होकर महोबा आ रहा था.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
हादसा महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरीपुरा मोड़ पर हुआ. घायलों और चश्मदीदों के मुताबिक, जिस रास्ते से गाड़ी गुजर रही थी वह निर्माणाधीन था और सड़क की हालत बेहद खराब थी. खराब और ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर तेज रफ्तार के कारण अचानक चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित बोलेरो लहराते हुए सड़क किनारे गहरे खड्डे में जा गिरी.
पूर्व मंत्री दादू प्रसाद के 4 समर्थक घायल, 2 की हालत नाजुक
हादसे का शिकार हुए सभी चार लोग पूर्व मंत्री दादू प्रसाद के समर्थक बताए जा रहे हैं. घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है.
शिव विलास: निवासी बड़ोखर बुजुर्ग, बांदा (गंभीर रूप से घायल)
नीरज: निवासी ग्राम करहैया (गंभीर रूप से घायल)
मूरतध्वज: निवासी बिजली खेड़ा
रफीक: निवासी गोयरा मुगली
इस दुर्घटना में नीरज और शिव विलास को गंभीर चोटें आई हैं जिनका इलाज जारी है.
अस्पताल पहुंचे सपा नेता, इलाज जारी
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री दादू प्रसाद समेत कई वरिष्ठ सपा नेता और स्थानीय पदाधिकारी तुरंत महोबा जिला अस्पताल पहुंचे. नेताओं ने घायलों का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों से बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का अनुरोध किया. फिलहाल जिला अस्पताल में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज का असली नाम क्या है, कहां हुआ था उनका जन्म? 5 अनसुनी बातें
ADVERTISEMENT











