Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से पुलिस पर हमले की एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. चितबड़ा गांव थाना क्षेत्र के नगपुरा गांव में एक आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर ले जा रही पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया. इस हमले में पुलिस की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है और कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटे आई हैं.
ADVERTISEMENT
घटना मंगलवार की है. जानकारी के मुताबिक नगपुर पश्चिम टोला के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार को मिंटू नाम के एक युवक ने बेरहमी से पीटा था. स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी मिंटू को मौके पर ही पकड़ लिया. सूचना मिलते ही पीआरबी 9097 और चौकी इंचार संदीप कुमार यादव मौके पर पहुंचे और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया.
पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए. महिला, पुरुष और युवाओं की भीड़ मांग करने लगी कि 'आरोपी को हमारे हवाले करो' स्थिति बिगड़ते देख प्रभारी निरीक्षक रसड़ा और थाना अध्यक्ष फेफना अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझने की कोशिश की. इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया जिसके कारण थाना चित्तबड़ागांव की सरकारी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया. ड्यूटी पर तैनात एक दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोट आई.
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. क्षेत्राधिकार राकेश कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है. पुलिस पर हमला करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









