Ballia Police Crackdown: बलिया पुलिस का बड़ा एक्शन, बोलेरो पिकअप से 3.25 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार

Ballia News: बैरिया पुलिस ने माझी पुल के पास घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप से 42 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. बिहार तस्करी के लिए जा रही इस खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार हुए हैं. मुख्य आरोपी अरुण यादव शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.

Ballia Police liquor seizure Bairiya station arrested smugglers

Newzo

• 04:06 PM • 11 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. बैरिया थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप से करीब 3.25 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है जबकि एक अन्य की तलाश जारी है.

यह भी पढ़ें...

अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहा अभियान के तहत बैरिया पुलिस की टीम माझी पुल के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप शराब लेकर बिहार की ओर जाने वाली है. टीम ने सक्रियता दिखाते हुए चांददियर के पास पिकअप को रोका. तलाशी के दौरान उसमें से अलग-अलग ब्रांड की 42 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई.

पुलिस ने मामले से जुड़े दो तस्कर, विकास यादव उम्र 21 वर्ष निवासी दलन छपरा और अरुण यादव 25 वर्ष निवासी भोजपुर बिहार को गिरफ्तार किया है. जिनके कब्जे से 18 पेटी रॉयल स्टैग (750 एमएल), 17 पेटी रॉयल स्टैग (375 एमएल), 7 पेटी ब्लेंडर्स प्राइड (750 एमएल का बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत 325000 रुपये बताई जा रही है.

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वह यह शराब बैरिया स्थित सुमित सिंह के अंग्रेजी शराब गोदाम से लेकर आए थे और इसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए बिहार ले जा रहे थे. पुलिस ने पिकअप को सीज कर दिया है और गोदाम मालिक सुमित सिंह समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.

पकड़े गए आरोपियों में अरुण यादव शातिर अपराधी है. उस पर पहले से ही बलिया के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे पांच गंभीर मामले दर्ज है.