Saharanpur fire incident: दिल्ली-देहरादून ग्रीन एक्सप्रेस-वे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती हुई एक हुंडई इओन कार में अचानक भीषण आग लग गई. घटना बड़कलां पुलिस चेक पोस्ट के समीप की बताई जा रही है. कार देहरादून से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि दोपहर के समय सफर के दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया.
ADVERTISEMENT
कार में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी. हाईवे पर गुजर रहे लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जबकि मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. आग लगने के कारण कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं. इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक हड़कंप की स्थिति बनी रही.
ADVERTISEMENT









