Saharanpur murder case news: सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दोस्ती और भरोसे के नाम पर 14 वर्षीय मासूम अंशुमन की हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला पूजा को गिरफ्तार कर लिया है. बता दें यह घटना कोतवाली नगर थाना क्षेत्र की है. 1 मई को नुमाइश कैंप से अंशुमन अचानक लापता हो गया था. पुलिस ने उसकी तलाश के लिए 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी महिला पूजा बच्चे को एक्टिवा पर ले जाती हुई दिखाई दी.
ADVERTISEMENT
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ साल से दोनों परिवारों के बीच एक दुकान के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते तनाव बढ़ गया था.
17 घंटे की तलाश के बाद मिला शव
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अंशुमन को बहला-फुसलाकर एक्टिवा पर बैठाया और अंबाला-सरसावा रोड स्थित बड़ी नहर में धक्का दे दिया. शव 17 गोताखोरों की टीम ने करीब 17 घंटे की तलाश के बाद रविवार को बरामद किया.
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश नाकाम
परिजनों के मुताबिक आरोपी पूजा पिछले 10 साल से परिवार की करीबी सहेली थी और मृतक की मां की दोस्त भी थी. लेकिन पैसों को लेकर विवाद के बाद दोनों परिवारों में झगड़ा बढ़ गया था. सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखा कि आरोपी पहले हसनपुर चुंगी और फिर सरसावा टोल से होकर गुजरी. पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अलग-अलग जगहों की बातें बताईं, लेकिन सख्त पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. अंशुमन की मौत के बाद इलाके में गुस्से और तनाव का माहौल है. परिजनों ने आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT









