Saharanpur Heat Wave Alert Water Supply RO Plant Pyaau Nagar Nigam Preparation: भीषण गर्मी को देखते हुए नगर निगम अलर्ट मोड में आ गया है. महापौर डॉ. अजय कुमार ने प्रेस वार्ता कर हीट वेव से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने दावा किया कि शहर में पेयजल की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और जलापूर्ति व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
महापौर ने बताया कि वर्तमान में शहर की जल मांग और आपूर्ति में कोई अंतर नहीं है. नगर निगम द्वारा ट्यूबवेल और पंपों के माध्यम से पर्याप्त पानी सप्लाई किया जा रहा है. जलकल विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि खराब ट्यूबवेल और पाइपलाइन की मरम्मत तत्काल कराई जाए. जरूरत पड़ने पर टैंकरों के जरिए भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर आरओ प्लांट लगाए जा रहे हैं. कांशीराम कॉलोनियों सहित अन्य क्षेत्रों में 6000 लीटर क्षमता के आरओ प्लांट स्थापित किए गए हैं, जबकि कुछ और स्थानों पर इन्हें लगाने की तैयारी चल रही है. इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर और प्याऊ बढ़ाए जा रहे हैं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके.
नगर निगम ने 15 नए वाटर कूलर लगाने और 500 लीटर क्षमता के 10 नए प्याऊ स्थापित करने की योजना बनाई है. साथ ही पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही वाटर टेस्टिंग लैब भी शुरू की जाएगी.
महापौर ने बताया कि जल आपूर्ति की निगरानी के लिए स्काडा सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिससे सप्लाई और डिमांड पर लगातार नजर रखी जा सकेगी.
उन्होंने नागरिकों से पानी के दुरुपयोग को रोकने में सहयोग की अपील की. नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में निगरानी बढ़ा दी गई है और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ADVERTISEMENT









