Saharanpur canal news: सहारनपुर जनपद के थाना बेहट क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पूर्वी यमुना नहर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ. जानकारी के मुताबिक़ आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप बहने वाली नहर में स्थानीय लोगों ने एक शव को तैरता देखा जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थाना बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके. पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 65 वर्ष के आसपास बताई जा रही है. महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पूछताछ की गई. लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस अब मृतका की पहचान के लिए अन्य थानों से भी संपर्क कर रही है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं.
पुलिस ने की लोगों से अपील
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि किसी को इस महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी थाना बेहट या अन्य पुलिस स्टेशन पर संपर्क कर सूचना दें जिससे मृतका की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
ADVERTISEMENT









