Saharanpur News: सहारनपुर में विकास कार्यों को लेकर लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है. मामला वार्ड नंबर 38, माधव नगर का है, जहां सड़क और नाले के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय पार्षद ने ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बताया जा रहा है कि सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 70 लाख रुपये की लागत से सड़क और नाले का निर्माण कराया जा रहा है. लेकिन इस कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले का निर्माण पूरी तरह गलत तरीके से किया जा रहा है. निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि नाले का स्तर लोगों के घरों से ऊपर बना दिया गया है, जिससे बारिश के दौरान पानी घरों में घुसने का खतरा बढ़ गया है.
क्षेत्रीय पार्षद और लोगों का आरोप है कि ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि पुराने नाले की सफाई कर उसे घरों के स्तर से नीचे बनाया जाए. लेकिन ठेकेदार ने इन निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए पुराने नाले के ऊपर ही नया निर्माण शुरू कर दिया. इस लापरवाही के चलते न सिर्फ नाले की ऊंचाई बढ़ गई है, बल्कि सड़क भी ऊंची बनाई जा रही है, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है.
इन्हीं मुद्दों को लेकर आज स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
वहीं क्षेत्रीय पार्षद ने साफ कहा है कि इस मामले की शिकायत सहारनपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों और नगर विधायक से की जाएगी. उनका कहना है कि विधायक और मेयर के निर्देश पर शुरू हुए इस कार्य की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या लोगों को इस समस्या से राहत मिल पाती है या नहीं.
ADVERTISEMENT









