Saharanpur U14 Arnav Story: आर्थिक तंगी और पारिवारिक विपरीत परिस्थितियों के बीच शहर के बेटे अर्णव ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर यूपी अंडर-14 क्रिकेट टीम में जगह बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है. मां व्हीलचेयर पर और पिता पैरालिसिस से जूझ रहे होने के बावजूद अर्णव ने हार नहीं मानी और अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन कर दिया. इस कहानी का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पहलू यह है कि उसकी विकलांग मां खुद व्हीलचेयर पर बैठकर बेटे को गेंदबाजी कराती हैं, ताकि वह बेहतर बल्लेबाजी की प्रैक्टिस कर सके.
ADVERTISEMENT
संघर्ष से भरी इस कहानी में अर्णव ने करीब चार साल पहले अन्य बच्चों को देखकर क्रिकेट खेलना शुरू किया था. उसी समय उसके मन में यह विश्वास जगा कि वह उनसे बेहतर खेल सकता है. जब उसने अपनी इच्छा मां कुसुम के सामने रखी तो आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने उसका हौसला बढ़ाया और नालंदा क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया. इसके बाद उसकी दिनचर्या संघर्ष का उदाहरण बन गई- सुबह स्कूल के लिए तैयार होकर 5 किलोमीटर साइकिल से पढ़ाई करने जाना, घर लौटकर खाना खाना और फिर क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए निकल जाना. दिन-रात की इसी मेहनत ने उसे उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां उसका चयन यूपी अंडर-14 टीम में हुआ.
अर्णव ने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया और हर मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. उसकी बल्लेबाजी तकनीक और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया. अर्णव बताता है कि वह राइट हैंड बल्लेबाज है और विराट कोहली व रोहित शर्मा को अपना आदर्श मानकर खेलता है. उसके अनुसार क्रिकेट खेलने का जुनून उसे अंदर से मिला और उसकी मां ने हर कदम पर उसका साथ दिया.अर्णव का सपना है कि वह एक दिन भारतीय टीम में खेलकर अपने माता-पिता, सहारनपुर और देश का नाम रोशन करे, और जिस तरह से वह कठिन परिस्थितियों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है, उससे यह सपना अब दूर नहीं लगता.
अर्णव की मां कुसुम बताती हैं कि बेटे के अंदर शुरू से ही कुछ अलग करने का जुनून था. घर की खराब स्थिति के बावजूद उन्होंने उसे कभी रोका नहीं और हर संभव सहयोग किया. उन्होंने सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और खासतौर पर चेयरमैन मोहम्मद अकरम की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही अर्णव को आगे बढ़ने का सही प्लेटफॉर्म मिला. उनका कहना है कि मोहम्मद अकरम जैसे लोग ही ऐसे बच्चों का भविष्य संवारने का काम कर रहे हैं.
क्रिकेट एसोसिएशन के सेक्रेटरी लतीफ-उर-रहमान ने बताया कि चेयरमैन मोहम्मद अकरम के नेतृत्व में सहारनपुर में क्रिकेट को नई दिशा मिली है. खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल रही हैं, जिसके चलते जिले से कई खिलाड़ी अंडर-19 टीम और आईपीएल तक पहुंच चुके हैं. अर्णव भी उसी कड़ी का एक उभरता हुआ नाम है, जिसे एसोसिएशन की ओर से हर संभव सहयोग दिया गया.
नालंदा वर्ल्ड स्कूल के एमडी मुकुल चौधरी ने अर्णव की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वह शुरू से ही मेहनती और अनुशासित छात्र रहा है. उन्होंने भी चेयरमैन मोहम्मद अकरम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जिले में खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे अर्णव जैसे खिलाड़ी प्रदेश स्तर तक पहुंच पा रहे हैं.
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन मोहम्मद अकरम ने कहा कि अर्णव जैसे खिलाड़ी जिले की असली पहचान हैं. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अर्णव ने जिस तरह मेहनत की है, वह काबिले-तारीफ है. एसोसिएशन का उद्देश्य ऐसे ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना है, ताकि उन्हें संसाधनों की कमी न झेलनी पड़े. उन्होंने कहा कि सहारनपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और मार्गदर्शन देने की है और अर्णव की सफलता इसका सबसे बड़ा उदाहरण है.
ADVERTISEMENT









