सहारनपुर के पिलखनी मेडिकल कॉलेज में कई खामियां, ठेकेदार को नोटिस जारी, ब्लैकलिस्ट और जुर्माने की चेतावनी

सहारनपुर के पिलखनी मेडिकल कॉलेज निर्माण में मिली खामियों पर यूपी सिडको के अध्यक्ष वाई.पी. सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है. घटिया निर्माण को लेकर ठेकेदार गौरव शर्मा को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं.

Saharanpur News

Newzo

• 05:35 PM • 15 Apr 2026

follow google news

सहारनपुर के पिलखनी मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में मिली खामियों के मामले में अब कार्रवाई शुरू हो गई है. कुछ दिन पहले यूपी सिडको के अध्यक्ष वाई.पी. सिंह द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद अब संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है.

यह भी पढ़ें...

दरअसल, वाई.पी. सिंह ने हाल ही में मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया था जहां निर्माणाधीन चिकित्सा विभाग के एक विंग में कई खामियां पाई गई थीं. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ही नाराजगी जताते हुए खामियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए थे.

अब उसी क्रम में आगे बढ़ते हुए ठेकेदार गौरव शर्मा को नोटिस जारी किया गया है. नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि सभी खामियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर दुरुस्त किया जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी. वाई.पी. सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी भी ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण किया जाता है तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा. 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह कार्य काफी समय से चल रहा है. निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पहले ही सुधारी जा चुकी थीं. लेकिन जो खामियां शेष हैं, उन्हें जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने दोहराया कि यूपी सिडको किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.