Saharanpur Mega Development Update: दिल्ली रोड स्थित भाजपा कार्यालय में सिडको चेयरमैन वाईपी सिंह ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ कल सुबह 9 बजे सहारनपुर पहुंचेंगे, जहां दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया जाएगा. वाईपी सिंह ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे एक माइलस्टोन साबित होगा और जिन क्षेत्रों से यह गुजरेगा, वहां विकास और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
ADVERTISEMENT
उन्होंने बताया कि पहले दिल्ली से देहरादून पहुंचने में करीब 7 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह दूरी लगभग 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी, जिससे व्यापार और पर्यटन को भी गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और विकास दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुआ है. हाल ही में नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर एयरपोर्ट परियोजना को भी आगे बढ़ाया गया है, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देगा.
वाईपी सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सहारनपुर पहुंचकर रोड शो करेंगे, एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे. वहीं मुख्यमंत्री गणेशपुर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके लिए 30,000 से अधिक लोगों की व्यवस्था की गई है.
उन्होंने सहारनपुर की जनता से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में गणेशपुर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हों और दोनों नेताओं के संबोधन को सुनें.
इसके अलावा जानकारी दी गई कि योगी आदित्यनाथ आज दोपहर करीब 3 बजे गणेशपुर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के बाद वे सर्किट हाउस में रात्रि प्रवास करेंगे और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अगले दिन के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे. इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT









