Saharanpur News: सहारनपुर थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब हरिद्वार से सहारनपुर आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ग्राम कैलाशपुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. बताया जा रहा है कि बस चालक ने सामने आए एक अन्य वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे पेड़ से जा टकराई.
ADVERTISEMENT
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी. सूचना मिलते ही थाना गागलहेड़ी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. इस दुर्घटना में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को हल्की चोटें आई हैं.
सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को जल्द ही सुचारू कर दिया. पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.
ADVERTISEMENT









