Saharanpur News: सहारनपुर में देर शाम से शुरू हुई बूंदा-बांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कई इलाकों में देर रात तक बारिश जारी रहने से तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी खबर है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है.
ADVERTISEMENT
जिन खेतों में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है वहां बारिश का पानी गिरने से दानों के काले पड़ने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है. किसान लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द फसल कटाई में जुट गए हैं. अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है जिससे वे काफी परेशान नजर आ रहे हैं.
इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार वर्षा हो रही है और इस समय गेहूं की फसल लगभग पककर तैयार खड़ी है. उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम, तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. सभी अधिकारी क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे हैं और यदि कहीं भी फसलों को नुकसान होता है तो उसका आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









