Saharanpur News: सहारनपुर में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जनकपुरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹48 करोड़ 99 लाख 16 हजार की अवैध संपत्ति कुर्क की है. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में की गई.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति गैंग बनाकर अवैध तरीके से अर्जित की गई थी. मामले की जड़ में को-ऑपरेटिव कंपनी के नाम पर संगठित अपराध, अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री का बड़ा नेटवर्क सामने आया था. आरोप है कि अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेज, जीपीएस और सीसीटीवी से छेड़छाड़ कर एक्साइज, जीएसटी और आयकर की चोरी की। मात्र 11 महीनों में लगभग ₹35 करोड़ की एक्साइज चोरी का खुलासा हुआ था.
27 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
इस दौरान 1500 पेटी अवैध शराब, एक ट्रक और तकनीकी उपकरण भी बरामद किए गए थे. इस पूरे मामले में पहले ही 30 अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. बाद में गैंगस्टर एक्ट के तहत 27 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई.
अपराधियों में हड़कंप मचा
हालिया कार्रवाई में बरेली निवासी मनोज जायसवाल, अजय जायसवाल और नीरज जायसवाल की चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क किया गया. इसमें कृषि भूमि, आवासीय प्लॉट और एक बड़ा व्यवसायिक भूखंड शामिल है, जिसकी बाजार कीमत करोड़ों में आंकी गई है.पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी. इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है और साफ संदेश दिया गया है कि अवैध कमाई अब सुरक्षित नहीं है.
ADVERTISEMENT









