Saharanpur Crime News: सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित टैगोर गार्डन कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब दर्जनों नकाबपोश युवकों ने हवाई फायरिंग करते हुए दो युवकों पर हमला कर दिया. हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे.घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई.
ADVERTISEMENT
पूरी वारदात सोमवार की शाम पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और अचानक हमला बोल दिया. हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. एएसपी मनोज यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और एक-दूसरे के खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दे रही दबिश
पुलिस ने पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. इस मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









