Woman Shot in Police Custody Saharanpur: सहारनपुर में सोमवार को पुलिस की टीम जब 25 साल की एक लड़की को मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल ले जा रही थी तभी अचानक से गोलियों की तड़तड़ाहट शुरू हो गई. जब तक पुलिस की टीम कुछ समझ पाती तब तक लड़की को गोली को मारकर आरोपी फरार हो गए. लेकिन इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली खबर ये सामने आई है कि लड़की की हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी कोई और नहीं उसके अपने ही सगे भाई रवि और मोंटी थे. दोनों भाईयों ने बहन को गोली क्यों मारी इसके पीछे की वजह चौंकाने वाली है.
ADVERTISEMENT
गांव के लड़के के साथ घर छोड़कर चली गई थी बहन?
ये पूरा मामला फतेहपुर थाने के रामखेड़ी गांव का है. 25 साल की युवती 16 मार्च को गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी. इस मामले में युवती के भाइयों ने गांव के ही दो युवक लवकुश और गोविंद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया था. नियमानुसार उसे मेडिकल जांच के लिए सीएचसी फतेहपुर लाया गया था.
एसएसपी अभिनंदन के अनुसार युवती एक सब-इंस्पेक्टर और महिला पुलिसकर्मी के साथ सरकारी गाड़ी में बैठी थी. तभी उसके सगे भाई रवि और मोंटी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और सीधे अपनी बहन पर फायर झोंक दिया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की. लेकिन प्राथमिकता घायल युवती की जान बचाना था जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए. एसएसपी ने साफ किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे.
सीरियस कंडीशन में किया गया रेफर
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर दिल्ली रोड स्थित मेडीग्राम अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने युवती की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है. फिलहाल अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और इलाके में तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT









